शेयर बाजार में शुक्रवार, 15 मई को लगातार तीसरे दिन तेजी है। बाजार ने शुरुआत तो धीमी की लेकिन फिर इसमें अच्छी तेजी दिखने लगी। खुलने के कुछ ही पलों के अंदर सेंसेक्स 471 अंक और निफ्टी 147 अंक तक उछल गया। इस बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 1.88 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। गुरुवार, 14 मई को मार्केट बंद होने पर सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,62,22,865.061 करोड़ रुपये रहा था। शुक्रवार को मार्केट खुलने के कुछ ही पलों के अंदर यह बढ़कर 4,64,11,504.60 करोड़ रुपये हो गया। यानि कि 1,88,639.54 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी।
सेंसेक्स हरे निशान में 75,497.10 पर खुला और फिर 75,870.36 के हाई तक गया। निफ्टी भी बढ़त में खुला और फिर 23,837 के हाई तक गया। एक दिन पहले यानि कि गुरुवार को सेंसेक्स 789.74 अंक या 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,398.72 पर बंद हुआ था। दिन में सेंसेक्स ने 1000 अंकों तक की बढ़त देखी थी। निफ्टी भी 277 अंक या 1.18 प्रतिशत चढ़कर 23,689.60 पर बंद हुआ। शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी दिखी थी।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 106.93 डॉलर प्रति औंस हो गई है। रुपया शुरुआती कारोबार में 29 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.93 पर आ गया।कच्चे तेल के ऊंचे दाम और विदेशी पूंजी की निकासी के चलते रुपये ने गुरुवार को 95.96 प्रति डॉलर का अब तक का नया निचला स्तर देखा। बाद में डॉलर के मुकाबले दो पैसे के मामूली सुधार के साथ 95.64 पर बंद हुआ।
देश में पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। यह पिछले 4 वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है। कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के घाटे बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कीमतें अप्रैल 2022 से स्थिर थीं।
अन्य एशियाई बाजारों में शुक्रवार को गिरावट दिखाई दे रही है। KOSPI में 5 प्रतिशत और निक्केई 225 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है। हेंग सेंग, ताइवान वेटेड और सेट कंपोजिट भी लाल निशान में हैं। यूरोपीय बाजार हरे निशान में हैं। अमेरिकी बाजार भी गुरुवार को हरे निशान में बंद हुए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।