Market outlook : कमजोर ग्लोबल संकेतों से बाजार में लगातार तीसरे दिन बिकवाली का दबाव बना हुआ है। निफ्टी 160 प्वाइंट फिसलकर 25350 के करीब ट्रेड कर रहा है। भारती, SBI, TCS और HDFC BANK ने दबाव बनाया है। बैंक निफ्टी भी 200 प्वाइंट नीचे कारोबार कर रहा है। मिडकैप और स्मॉलकैप में तगड़ी गिरावट आई है। IT, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी की सबसे ज्यादा पिटाई हुई है। तीनों इंडेक्स एक से डेढ़ परसेंट कमजोर हुए हैं। साथ ही कैपिटल मार्केट, ऑटो और PSU बैंकों में भी तगड़ी बिकवाली देखने को मिल रही है। लेकिन कुछ चुनिंदा फार्मा और एनर्जी में हल्की मजबूती है।
11.15 बजे के आसपास सेंसेक्स 500.38 अंक या 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,810.63 पर और निफ्टी 139.10 अंक या 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,370.60 पर कारोबार कर रहा था। लगभग 1257 शेयरों में तेजी, 2242 शेयरों में गिरावट और 121 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
आज इन अहम स्तरों पर रहे नजर
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर का कहना है कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर होने वाली प्रगति पर बाजार की नजर है। जोखिम उठाने की भावना में कमजोरी के चलते ट्रेडरों में चिंता बनी रहने की उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि दूसरी तिमाही की मज़बूत अर्निंग और कच्चे तेल की कमज़ोरी कुछ सहारा दे सकती हैं और दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
तकनीकी नजरिए से देखें तो निफ्टी को अब 25,450 और 25,150 के बीच तत्काल सपोर्ट मिल रहा है। जबकि, इसके लिए 25,660-25,800 के आसपास रेजिस्टेंस है। बाजार का शॉर्ट टर्म सेंटीमेंट कमजोर बना हुआ है। ट्रेडरों द्वारा तब तक बिकवाली का रुख अपनाए जाने की संभावना है जब तक कि ट्रेंड रिवर्सल से नई मजबूती के संकेत नहीं मिल जाते।
मेहता इक्विटीज प्रशांत तापसे का कहना है कि मुनाफा वसूली और विदेशी निवेशकों के निकासी के कारण सेंटीमेंट कमजोर हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि बढ़ती सर्विस महंगाई के कारण अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती में देरी की चिंताओं ने भी माहौल को खराब कर दिया है,जिससे भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर बनी उम्मीद का असर कम हो गया है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के आनंद जेम्स का कहना है कि शुरुआती बढ़त के बाद निफ्टी 25,630-25,650 के स्तर से ऊपर टिक न पाने के कारण 50-डे सिंपल मूविंग एवरेज 25,200 के आसपास और बोलिंगर बैंड के निचला स्तर 25,088 पर आ गया है। उन्होंने आगे कहा कि 25,400 का जोन तेजड़ियों को फिर से खरीदारी का मौका दे सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।