Stock Markets: दलाल स्ट्रीट पर पैसों की बारिश! सेंसेक्स 2,950 अंक उछला, निवेशकों ने ₹16 लाख करोड़ कमाए

Share Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की खबर से भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 8 अप्रैल को बंपर तेजी देखने को मिली। क्रूड ऑयल के दाम में गिरावट और ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेतों से बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 2,946 अंक की भारी बढ़त के साथ 77,562.90 के स्तर पर बंद हुआ

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 4:15 PM
Share Market Today: अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम ने भारतीय शेयर बाजार को बड़ी राहत दी है।

Share Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की खबर से भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 8 अप्रैल को बंपर तेजी देखने को मिली। क्रूड ऑयल के दाम में गिरावट और ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेतों से बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 2,946 अंक यानी 3.95% की भारी बढ़त के साथ 77,562.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 873.70 अंक यानी 3.78% की तेजी के साथ 23,997.35 के स्तर पर बंद हुआ। यह हाल के महीनों में सेंसेक्स और निफ्टी में सबसे बड़ी इंट्राडे उछाल है।

इस तेजी में लगभग सभी सेक्टरों ने हिस्सा लिया, लेकिन बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। बॉन्ड यील्ड में नरमी आने से फाइनेंशियल शेयरों को सपोर्ट मिला। निफ्टी बैंक करीब 3,000 अंक उछला, जो पिछले पांच सालों में इसका सबसे बड़ा इंट्राडे उछाल है।

युद्धविराम के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई, जिससे ऑयल-सेंसिटिव सेक्टरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और एयरलाइन शेयरों में 10% तक की तेजी दर्ज की गई।


निवेशकों ने ₹16.33 लाख करोड़ कमाए

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 445.59 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 429.26 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 16.33 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 16.33 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इंडिगो (Indigo) के शेयरों में 8.22 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद लार्सन एंड टुब्रो (L&T), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयर 6.56 फीसदी से लेकर 7.64 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के सिर्फ 3 शेयर लाल निशान में बंद

वहीं सेंसेक्स के बाकी 3 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra)का शेयर 0.87 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, अदाणी सन फार्मा (Sun Pharma) और पावरग्रिड (Power Grid) के शेयरों में 0.27 फीसदी से लेकर 0.52 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex428

4,497 शेयरों में हुआ कारोबार

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,497 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 3,858 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,560 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 537 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 99 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 28 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex428f

यह भी पढ़ें- IT Stocks: चौतरफा तेजी के बीच भी क्यों गिरे आईटी शेयर? इंफोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा 1% से अधिक लुढ़के

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।