IT Stocks: चौतरफा तेजी के बीच भी क्यों गिरे आईटी शेयर? इंफोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा 1% से अधिक लुढ़के

IT Stocks: शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी और चौतरफा खरीदारी के बावजूद IT सेक्टर की सुस्ती ने निवेशकों को हैरान कर दिया। सेंसेक्स और निफ्टी में कारोबार के दौरान जहां 3.5% तक की तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर इंफोसिस (Infosys) और विप्रो (Wipro) जैसे दिग्गजों में बिकवाली देखी गई।

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 2:52 PM
Story continues below Advertisement
IT Stocks: इंफोसिस (Infosys) और विप्रो (Wipro) जैसे शेयरों में बुधवार को बिकवाली देखने को मिली

IT Stocks: भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 8 अप्रैल को भारी तेजी देखने को मिली। हालांकि इस तेजी में IT सेक्टर पीछे रह गया। इंफोसिस और विप्रो जैसे दिग्गज आईटी शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। दोपहर के कारोबार में, बीएसई सेंसेक्स 2,700 अंकों से ज्यादा यानी करीब 3.6% चढ़कर 77,300 के पार पहुंच गया। वहीं निफ्टी 800 अंकों से अधिक उछलकर 23,900 के ऊपर बना रहा। इसके उलट निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.12% की मामूली बढ़त के साथ लगभग सपाट रहा। सुबह के कारोबार में यह इंडेक्स लाल निशान में भी था।

शेयर बाजार में यह तेजी मुख्य रूप से मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के कारण आई। इसके चलते निवेशकों ने बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट जैसे घरेलू और साइक्लिकल सेक्टरों में जमकर खरीदारी की। इस बदलते माहौल में आईटी सेक्टर निवेशकों की प्राथमिकता से थोड़ा बाहर होता दिखा।

IT शेयरों का मिला-जुला प्रदर्शन

आईटी शेयरों का प्रदर्शन बुधवार को मिलाजुला रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) करीब 0.8% तक चढ़ गया। वहीं एलटीआई माइंडस्ट्री और कोफोर्ज में 1% से 1.3% तक की बढ़त देखी गई। HCL टेक्नोलॉजीज के शेयर हल्की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।


हालांकि दूसरी ओर विप्रो के शेयर करीब 0.6 प्रतिशत तक गिर गए। टेक महिंद्रा में 1 फीसदी से अधिक की गिरावट देखी गई। इंफोसिस के शेयर भी लाल निशान में बने हुए थे।

हालिया तेजी के बाद आया ठहराव

आईटी कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ दिनों में अच्छी रिकवरी देखी गई थी। वैल्यूएशन में गिरावट और शॉर्ट कवरिंग के चलते निफ्टी IT इंडेक्स, मंगलवार तक के चार सेशंस में 7% से ज्यादा चढ़ चुका था। रुपये में कमजोरी और बेहतर तिमाही नतीजों की उम्मीद ने भी इस तेजी को सपोर्ट दिया था।

आगे क्या रहेगा फोकस?

अब निवेशकों की नजर आने वाले तिमाही नतीजों पर है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) 9 अप्रैल को चौथी तिमाही के नतीजों के साथ सीजन की शुरुआत करेगी। इस नतीजे से पूरे आईटी सेक्टर की दिशा तय हो सकती है। एनालिस्ट्स का मानना है कि आईटी कंपनियों के मैनेजमेंट के बयान और डील पाइपलाइन पर अपडेट से यह साफ होगा कि मौजूदा ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच आईटी सेक्टर का आउटलुक कैसा रहेगा।

यह भी पढ़ें- Share Market Rise: शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 2900 अंक उछला; युद्ध विराम समेत ये हैं 7 बड़े कारण

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।