Share Market Rally: शेयर बाजार में इन 7 कारणों से मना जश्न; सेंसेक्स 2,950 अंक उछला, निफ्टी 24,000 के पास

Share Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 8 अप्रैल को तूफानी तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 2950 अंकों से अधिक चढ़ गया। वहीं निफ्टी 850 अंक बढ़कर 24,000 के पास पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम के ऐलान से निवेशकों का जोश हाई दिखा

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 3:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Share Market Rally: शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध विराम की खबर रही

Share Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार 8 अप्रैल को तूफानी तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 2950 अंकों से अधिक चढ़ गया। वहीं निफ्टी 850 अंक बढ़कर 24,000 के पास पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम के ऐलान से निवेशकों का जोश हाई दिखा। कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने भी इस तेजी को सपोर्ट किया।

इस बीच, आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करते हुए अपने 'न्यूट्रल' रुख को बनाए रखने का फैसला किया है।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 2,946.32 अंक यानी 3.95% की बढ़त के साथ 77,562.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 873.70 अंक यानी 3.78% की तेजी के साथ 23,997.35 के स्तर पर बंद हुआ। आईटी और फार्मा को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी स्मॉलकैप-100 और निफ्टी मिडकैप-100 सूचकांक भी 3.5% तक उछल गए।


शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे 7 बड़ी वजहें रहीं-

1. ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध विराम

शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध विराम की खबर रही। शेयर मार्केट लंबे समय से इस खबर का इंतजार कर रहा था। ईरान और अमेरिका ने दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले को ‘दुनिया की शांति के लिए एक बड़ा दिन’ बताया। इससे बाजार में अनिश्चितता कम हुई और निवेशकों ने राहत की सांस ली। L&T, KEC इंटरनेशनल और KRBL समेत मिडिल ईस्ट में एक्सपोजर रखने वाली कई कंपनियों के शेयरों में आज शानदार तेजी देखने को मिली।

2. क्रूड ऑयल के दाम में बड़ी गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर बमबारी रोकने के फैसले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में बुधवार को तेज गिरावट आई। अमेरिकी क्रूड ऑयल (WTI) का भाव एक झटके में करीब 19% तक लुढ़ककर 100 डॉलर के नीचे आ गया। वहीं ब्रेंट क्रूड भी लगभग 16% तक टूटकर 94.80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। युद्ध विराम के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए तेल की सप्लाई दोबारा चालू होने की उम्मीद बढ़ी है। ईरान ने भी इस दौरान सुरक्षित आवाजाही का आश्वासन दिया है। इससे क्रूड की कीमतों में गिरावट आई।

रिसर्च एनालिस्ट और लिवलॉन्ग के फाउंर, हरिप्रसाद के ने बताया कि क्रूड ऑयल के दाम में गिरावट भारत के लिए महंगाई और करेंसी के लिहाज से भी अच्छी खबर है।

3. RBI ने ब्याज दरों पर विराम रखा

अमेरिका-ईरान के बीच 6 हफ्ते के बाद हुए युद्ध विराम से ग्लोबल इकोनॉमी में सुधार की उम्मीद की जा रही है। इस बीच भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने बुधवार को ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। सरकार ने RBI से कहा है कि खुदरा महंगाई दर को अगले 5 सालों तक यानी मार्च 2031 तक 4 प्रतिशत पर बनाए रखा जाए, जिसमें ऊपर या नीचे 2 प्रतिशत का मार्जिन हो।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली मॉनिटरी पॉलिसी समीक्षा बैठक के बताया कि कमेटी ने ने सर्वसम्मति से शॉर्ट-टर्म लेंडिंग रेट यानी रेपो दर को 5.25% पर बनाए रखने का फैसला लिया है और न्यूट्रल रुख अपनाया है। दरें स्थिर रखने का फैसला खुदरा महंगाई दर में गिरावट के मद्देनजर लिया गया, जो फरवरी में 3.21% पर आ गई। यह RBI के 4% के मध्यम अवधि के लक्ष्य के करीब है।

4. ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत

ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने भी शेयर मार्केट को सहारा दिया। MSCI का एशियाई शेयर इंडेक्स 2.6% तक उछल गया। वहीं वॉल स्ट्रीट के इंडेक्स फ्यूचर्स में 2% से अधिक की तेजी देखी गई। निवेशकों को उम्मीद है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई काबू में रहेगी होगी और आर्थिक ग्रोथ को बढ़ावा मिलेगा।

5. रुपये में मजबूती

युद्धविराम की घोषणा के बाद बुधवार को भारतीय रुपये में भी मजबूती देखने को मिली। रुपया शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 50 पैसे मजबूत होकर 92.56 पर पहुंच गया। इससे बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट बना।

6. वैल्यू बाइंग

मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि युद्धविराम की खबर के बाद निवेशकों का रिस्क-सेंटीमेंट यानी उनके अंदर जोखिम लेने की भावना बढ़ी। इसके चलते शेयर मार्केट में आज चौतरफा वैल्यू बाइंग देखने को मिली। सोने और चांदी जैसी कीमतों धातुओं में भी बुधवार को उछाल दिखा।

7. इंडिया VIX में गिरावट

शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद घबराहट का संकेत देने वाला, इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स बुधवार को 5% गिरकर 19.85 पर आ गया। इस इंडेक्स में गिरावट यह संकेत देती है कि बाजार में अनिश्चितता कम हो रही है और निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा है। इससे तेजी का माहौल मजबूत होता है।

यह भी पढ़ें- युद्ध विराम का असर: L&T से लेकर KRBL तक, मिडिल ईस्ट से जुड़े इन 6 शेयरों में दिखी तूफानी तेजी

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।