Share Market: शेयर बाजार में उछाल से आज निवेशकों ने 6 लाख करोड़ रुपये कमाए, 374 शेयरों में लगा अपर सर्किट

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में सोमवार 26 दिसंबर को वापस तेजी लौटी। सेंसेक्स आज जहां 721 अंक उछला। वहीं निफ्टी 18,000 के ऊपर जाकर बंद हुआ। फार्मा को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर के इंडेक्स आज हरे निशान में बंद हुए। इसके साथ ही शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 6 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई

अपडेटेड Dec 26, 2022 पर 10:38 PM
Story continues below Advertisement
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर 277.99 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Today: पिछले हफ्ते की भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज यानी सोमवार 26 दिसंबर को वापस तेजी लौटी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक आज सेंसेक्स (Sensex) जहां 721.13 अंक या करीब 1.20 फीसदी उछलकर 60,566.42 अंकों पर पहुंच गया। वहीं वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक निफ्टी (Nifty) 207.80 अंक या 1.17 फीसदी बढ़कर 18,014.60 के स्तर पर बंद हुआ। फार्मा को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर के इंडेक्ट आज हरे निशान में बंद हुए हैं। सरकारी बैंकों के शेयरों में आज खासतौर से तेजी देखने को मिली और PSU बैंक इंडेक्स करीब 7% उछल गया। BSE का मिडकैप इंडेक्स 2.3 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 3% की तेजी देखी गई।

निवेशकों की पूंजी करीब ₹6 लाख करोड़ बढ़ी

शेयर बाजार में तेजी से निवेशकों की पूंजी में आज 5.87 लाख करोड़ रुपये का जबरदस्त इजाफा हुआ है। BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (Market Capitalisation) आज बढ़कर 277.99 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी जिन यानी शुक्रवार 23 दिसंबर को 272.12 लाख करोड़ था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट में आज 5.87 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में सबसे अधिक उछाल


सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। जिन 5 शेयरों में आज सबसे अधिक उछाल देखी गई, उनमें क्रमश: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), इंडसइंड बैंक (Indusind Bank), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve), टाटा स्टील (Tata Steel) और आईटीसी लिमिटेड (ITC Ltd) शामिल है। ये सभी शेयर आज 2.59 फीसदी से लेकर 4.02 फीसदी तक की तेजी के साथ बंद हुए हैं।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर आज सबसे अधिक लुढ़के

सेंसेक्स के कुल 6 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें भी नेस्ले इंडिया (Nestle India) में 1.17% की सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), भारती एयरटेल (Bharti Airtel), एचसीएल टेक (HCL Tech), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) और सन फार्मा (Sun Pharma) भी आज 0.43 फीसदी से लेकर 0.10 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए हैं।

यह भी पढ़ें- कोरोना ने बिगाड़ दी चाल, रेटिंग अपग्रेड होने के बावजूद रिकॉर्ड लो पर यह शेयर, सितंबर में हुई थी लिस्टिंग

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensexstock

374 शेयरों में लगा अपर सर्किट

बाजार में तेजी लौटने के साथ ही आज करीब 374 शेयर ऐसे रहे, जिन्होंने उछाल के साथ अपनी ऊपरी सर्किट सीमा को छू लिया। इन शेयरों में इंडियन ओवरसीज बैंक (Indian Overseas Bank), ईजी ट्रिप प्लानर्स (Easy Trip Planners), जम्मू एंड कश्मीर बैंक (Jammu & Kashmir Bank), कर्नाटक बैंक (Karnatak Bank), धानी सर्विसेज (Dhani Services), अडानी विल्मर (Adani Wilmar), लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी (Lloyds Metals & Energy), डीबी रियल्टी (DB Realty), सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) और रिलायंस पावर (Reliance Piwer) आदि प्रमुख रहे। वहीं करीब 232 शेयर आज ऐसे भी रहें, जिनमें कारोबार के दौरान लोअर सर्किट लगा।

55 शेयरों ने छुआ अपना नया 52-वीक हाई

शेयर बाजार में आज कम कम से कम 55 शेयर ऐसे रहे, जिन्होंने बीएसई पर उछाल के साथ पिछले एक साल का अपना सबसे ऊंचा स्तर छू लिया। इन शेयरों में अरुणज्योति बायो वेंचर्स (Arunjyoti Bio Ventures), भारत एग्री फर्टिलाइजर्स एंड रियल्टी (Bharat Agri Fert & Realt), कैप्टन पाइप्स (Captain Pipes), ड्रोनचार्य एरियल इनोवेशन (Droneacharya Aerial Innovations), ईएफसी आई लिमिटेड (EFC I ltd), इंडियन लिंक चेन मैन्युफैक्चरर्स (Indian Link Chain Manufactures), गुजरात टूलरूम (Gujrat Toolroom), नारायणी स्टील्स (Narayani Steels), एसजी फिनसर्व (SG Finserve) और उषा मार्टिन (Usha Martin) आदि प्रमुख रहे। वहीं करीब 212 शेयर ऐसे भी रहे, जिन्होंने आज कारोबार के दौरान लुढ़ककर अपने एक साल के सबसे निचले स्तर को छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।