शेयर बाजार हरे निशान में हुआ बंद, सेंसेक्स-निफ्टी में 8 दिन बाद थमी गिरावट, निवेशकों ने ₹20000 करोड़ कमाए

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार सोमवार 17 फरवरी को मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले 8 दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला आज थम गया। सेंसेक्स जहां 57 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने 22,900 के स्तर को बनाए रखा। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 20,000 करोड़ रुपये बढ़ गई

अपडेटेड Feb 17, 2025 पर 5:34 PM
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर 400.39 लाख करोड़ हो गया

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार सोमवार 17 फरवरी को मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले 8 दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला आज थम गया। सेंसेक्स जहां 57 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने 22,900 के स्तर को बनाए रखा। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 20,000 करोड़ रुपये बढ़ गई। हालांकि ब्रॉडर मार्केट में मिलाजुला रुख रहा। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.51 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.56 फीसदी की गिरावट आई। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स में कंज्यूमर ड्यूरेबल्, मेटल और ऑयल एंड गैस शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। दूसरी ओर आईटी, टेलीकॉम और कैपिटल गुड्स शेयरों में बिकवाली का माहौल रहा।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 57.65 अंक या 0.076 फीसदी की तेजी के साथ 75,996.86 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 37.25 अंक या 0.16 फीसदी बढ़कर 22,966.50 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों ने ₹20,000 करोड़ कमाए

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 17 फरवरी को बढ़कर 400.39 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 14 फरवरी को 400.19 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 20,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 20,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।


सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve) के शेयरों में 2.83 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद पावर ग्रिड (Power Grid), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) और अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयर 1.81 फीसदी से लेकर 2.33 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट

वहीं सेंसेक्स के बाकी 10 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 3.75 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं भारती एयरटेल (Bharti Airtel), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस (Infosys) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के शेयरों में 0.57 फीसदी से लेकर 2.42% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex162

2,738 शेयरों में रही गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,219 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,336 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,738 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 145 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 69 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 907 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex162f

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

यह भी पढ़ें- बाजार के अच्छे दिन लौटने वाले हैं, क्या आप इसका फायदा उठाने के लिए तैयार हैं?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।