Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार 2 जनवरी को गिरावट के साथ बंद हुए। क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और लाल सागर में तनाव बढ़ने के चलते निवेशकों ने बाजार से पैसे निकालने को तरजीह दिया। सेंसेक्स 379 अंक टूटकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी गिरकर 21,650 के पास आ गया। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 66 हजार करोड़ रुपये डूब गई। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में रहे। आज के कारोबार में सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, ऑटो, बैंकिंग और आईटी शेयरों में देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर फार्मा, मेटल और ऑयल एंड गैस शेयरों में तेजी का रुख रहा।
