Stock Market news : अमेरिकी राष्ट्पति ट्रंप के जल्द ही ईरान युद्ध खत्म करने के बयान से ग्लोबल बाजारों में रिकवरी का मूड दिख रहा है। गिफ्ट निफ्टी करीब 300 अंक ऊपर है। एशियाई बाजारों में भी 3 से 6 फीसदी की तेजी दिख रही है। US मार्केटमें भी कल निचले स्तरों से दो फीसदी की रिकवरी आई थी और यह हरे निशान में बंद हुआ था। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
LPG सप्लाई की दिक्कत ने बढ़ाई फिक्र, सरकार ने रिव्यू पैनल बनाया
रेस्त्रां और होटलों की संस्थाओं ने कमर्शियल सिलेंडर की तंगी से कामकाज पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई है। उधर सरकार ने होटल,ऑटो और दूसरी इंडस्ट्रीज को LPG सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए OMCs की एक कमिटी बनाई है।
F&O में 6 नए शेयरों की होगी एंट्री : NSE
एक अप्रैल से वायदा में 6 नए शेयरों को शामिल करने का NSE ने एलान किया है। अदानी पावर, कोच्चिन शिपयार्ड, Hyundai, मोतीलाल ओसवाल, निप्पॉन लाइफ और विशाल मेगामार्ट की F&O में एंट्री होगी।
क्रूड में गिरावट, $90 के नीचे ब्रेंट
कच्चे तेल के मोर्च पर बड़ी राहत मिली है। क्रूड कल के ऊपरी स्तर से 25 फीसदी फिसला है। ब्रेंट क्रूड $90 के नीचे फिसल गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ट्रंप के कंट्रोल करने के संकेत के बाद क्रूड में बड़ी गिरावट आई है।
डॉलर इंडेक्स के ठंडा पड़ने से सोने और चांदी में रौनक लौटी है। चांदी 4% चढ़कर 89 डॉलर के करीब दिख रही है। सोने में भी निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी दिखी है।
आज एशियाई बाजारों में जोरदार तेजी दिख रही है। गिफ्ट निफ्टी 255 अंक यानी 1.06 फीसदी की तेज के साथ 24,260.50 के स्तर पर दिख रहा है। वहीं, निक्केई 2.13 फीसदी की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा है। स्ट्रेट टाइम्स में 1.56 फीसदी की बढ़त दिख रही। जबकि ताइवान का बाजार 2.19 फीसदी बढ़कर कारोबार कर रहा है। हैंगसेंग भी 1.75 फीसदी की बढ़त के साथ नजर आ रहा है। वहीं,कोस्पी 4.04 फीसदी की तेजी दिखा रहा है। शंघाई कम्पोजिट में भी 0.39 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है।
फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FIIs) ने 9 मार्च को लगातार 7वें सेशन में बिकवाली जारी रखी,उन्होंने 6,345 करोड़ रुपये के शेयर बेचे,जबकि डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DIIs) ने 9,000 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।