Stock Market Today : बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर

Stock Market News : निफ्टी ने कल डेली स्केल पर लॉन्ग अपर और माइनर लोअर शैडो के साथ बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया था। ब्रॉडर मार्केट में भी कल कमजोरी देखने को मिली थी। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.3 फीसदी और 1.8 फीसदी नीचे बंद हुए थे। वहीं, वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX 12.11 फीसदी उछलकर 11.40 के स्तर पर पहुंच गया। इससे तेजड़ियों को परेशानी हुई

अपडेटेड Oct 10, 2023 पर 9:16 AM
Story continues below Advertisement
Stock Market : 09 अक्टूबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 997.76 करोड़ रुपए की बिकवाली की। इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,661.27 करोड़ रुपए की खरीदारी की

Stock Market News : गिफ्ट निफ्टी से मिल रहे संकेतों से लगता है कि सेंसेक्स-निफ्टी आज 10 अक्टूबर को हल्की बढ़त के साथ खुल सकते हैं। गिफ्टी निफ्टी 75 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। पिछले कारोबारी दिन की बात करें तो कल बीएसई सेंसेक्स 483 अंक गिरकर 65512 पर और निफ्टी 141 अंक चढ़कर 19512 पर बंद हुआ था। निफ्टी ने कल डेली स्केल पर लॉन्ग अपर और माइनर लोअर शैडो के साथ बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया था। ब्रॉडर मार्केट में भी कल कमजोरी देखने को मिली थी। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.3 फीसदी और 1.8 फीसदी नीचे बंद हुए थे। वहीं, वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX 12.11 फीसदी उछलकर 11.40 के स्तर पर पहुंच गया। इससे तेजड़ियों को परेशानी हुई।

पिवट प्वाइंट कैलकुलेटर से संकेत मिलता है कि निफ्टी को 19486 पर सपोर्ट मिल सकता है, इसके बाद 19460 और 19419 पर अगले सपोर्ट दिख रहे हैं। ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 19569 पर तत्काल रजिस्टेंस है। इसके बाद 19594 और 19636 पर अगले रजिस्टेंस दिख रहे हैं।

करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।


हिंदुजा लगभग 800 मिलियन डॉलर के निवेश के लिए बातचीत की प्रक्रिया में

सूत्रों के मुताबिक हिंदुजा समूह, रिलायंस कैपिटल के अधिग्रहण के लिए लगभग 800 मिलियन डॉलर जुटाने के लिए निजी क्रेडिट फंडों के साथ बातचीत कर रहा है। सूत्रों ने गोपनीयता बनाए रखने की शर्त पर बताया है कि दोनों पक्षों ने अभी तक कोई समझौता नहीं किया है। ऐसे में निवेश की शर्तें अभी भी बदल सकती हैं। बता दें कि रिलायंस कैपिटल एक शैडो बैंक है, जिस पर कभी अनिल अंबानी का नियंत्रण था। इसे कुछ ही सालों के अंदर पांच से ज्यादा बड़े गैर-बैंक फाइनेंसरों द्वारा डिफॉल्ट करने के बाद 2021 में केंद्रीय बैंक ने अपने कब्जे में ले लिया था।

बल्क डील

साक्षी मेडटेक एंड पैनल्स (Saakshi Medtech and Panels): दिग्गज निवेशक आशीष रमेशचंद्र कचोलिया ने इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल और कैबिनेट असेंबलिंग कंपनी साक्षी मेडटेक एंड पैनल्स में खुले बाजार लेनदेन के जरिए 167.01 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर 10.4 करोड़ रुपये में 622800 लाख इक्विटी शेयर खरीदे हैं। दूसरी तरफ हेम फिनलीज ने कंपनी के 620400 शेयर 167 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर बेचे हैं।

10 अक्टूबर को आने वाले नतीजे

जीएम ब्रुअरीज जुलाई-सितंबर अवधि के लिए अपना कमाई का स्कोरकार्ड 10 अक्टूबर को जारी करेगा।

भारत की विकास गाथा को बढ़ाने लिए निजी निवेश 'अनिवार्य' है: गोल्डमैन सैक्स

गोल्डमैन सैक्स की एक नवीनतम रिपोर्ट के मुताबित भारत के विकास को गति देने के लिए निजी निवेश में बढ़ोतरी जरूरी है। विश्लेषकों के मुताबिक सरकार राजकोषीय घाटे को कम करने की कोशिश कर रही है और सब्सिडी बिल बढ़ने की संभावना है। आगे सरकार की तरफ से होने वाले पूंजीगत व्यय में कमी आ सकती है। ऐसी स्थिति में देश की जीडीपी में बढ़त बनाए रखने के लिए निजी पूंजीगत व्यय में तेजी लाने की जरूरत होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, अच्छी खबर यह है कि भारतीय उद्योग जगत अपना खर्च बढ़ाने के लिए अच्छी स्थिति में है।

गिफ्ट निफ्टी

GIFT निफ्टी 75 अंकों की बढ़त के साथ ब्रॉडर इंडेक्सों के लिए पॉजिटिव संकेत दे रहा है। गिफ्ट निफ्टी वायदा 19,698 अंक का हाई बनाने के बाद 19580 अंक पर कारोबार कर रहा है।

यूरोपीय बाज़ार

फ़िलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास द्वारा शनिवार को इज़राइल पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू करने के बाद, निवेशकों ने मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच सावधानी बरती जिससे यूरोपीय बाजारों में सोमवार को गिरावट आई। स्टॉक्स 600 इंडेक्स 0.3 फीसदी गिरकर बंद हुआ। ट्रैवल और मौज-मस्ती ( leisure)वाले शेयरों में 2.4 फीसदी और रिटेल शेयरों में 1.9 फीसदी की गिरावट आई। कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से तेल और गैस स्टॉक 2.9 फीसदी तक बढ़ते दिखे।

FII और DII आंकड़े

09 अक्टूबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 997.76 करोड़ रुपए की बिकवाली की। इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,661.27 करोड़ रुपए की खरीदारी की।

Trade setup for today : निफ्टी में जल्द 19600-19800 का स्तर मुमकिन, मुनाफे वाले सौदे पकड़ने के लिए इन आंकड़ों पर रहे नजर

NSE पर F&O बैन में आने वाले शेयर

10 अक्टूबर को NSE पर 6 स्टॉक एलएंडटी फाइनेंस होल्डिंग्स, एमसीएक्स इंडिया, डेल्टा कॉर्प, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, मणप्पुरम फाइनेंस और पंजाब नेशनल बैंक F&O बैन में हैं। बताते चलें कि F&O सेगमेंट में शामिल स्टॉक्स को उस स्थिति में बैन कैटेगरी में डाल दिया जाता है, जिसमें सिक्योरिटीज की पोजीशन उनकी मार्केट वाइड पोजीशन लिमिट से ज्यादा हो जाती है।

ग्लोबल बाजारों से अच्छे संकेत

ग्लोबल बाजारों से अच्छे संकेत मिल रहे हैं। एशिया में मजबूती देखने को मिल रही है। गिफ्ट निफ्टी भी करीब 100 प्वाइंट ऊपर कारोबार कर रहा है। वहीं अमेरिकी बाजारों ने कल 1 फीसदी तक की गिरावट के बाद शानदार रिकवरी दिखाई । डाओ जोंस करीब 200 प्वाइंट चढ़कर बंद हुआ। US के बाजार लगातार दूसरे दिन हरे निशान में बंद हुए है। दरें न बढ़ने की उम्मीद से बाजार में तेजी आई। इस बीच डॉलर इंडेक्स लगातार तीसरे दिन 106 के नीचे बरकरार है। वहीं COMEX पर सोना 2 हफ्तों की ऊंचाई पर कारोबार कर रहा है। COMEX पर सोने का भाव 1865 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया है।

US में बढ़ेंगी दरें?

कल वाइस चेयरपर्सन फिलिप जेफरसन ने कहा कि लंबी अवधि के US बॉन्ड में तेजी आई है। बॉन्ड में तेजी से ज्यादा सख्ती की जरूरत नहीं है। वहीं डलास फेड की प्रेसिडेंट लोरी लोगन ने कहा कि अभी दरों बढ़ाने की जरूरत नहीं है।

इजरायल-हमास जंग

इजरायल और हमास के बीच तीसरे दिन भी जंग जारी है। इजरायल गाजा पट्टी की नाकाबंदी कर रहा है। इजरायल ने मैदान में 1 लाख सैनिक उतारे हैं । युद्ध में अब तक 1600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

कच्चे तेल में तेजी

इजरायल और हमास के टकराव के बीच क्रूड में उछाल जारी है। क्रूड का भाव 4 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 88 डॉलर के पार निकल गया है। इस बीच WTI क्रूड का भाव भी 86 डॉलर के ऊपर बना हुआ है। इसबीच सोना भी 2 हफ्ते की ऊंचाई पर पहुंच गया है।

एशियाई बाजार

ज्यादातर एशियाई बाजारों में बढ़त के साथ कारोबार देखने को मिल रहा है। GIFT NIFTY 18.50 अंक की बढ़त दिखा रहा है। वहीं, निक्केई करीब 2.13 फीसदी की बढ़त के साथ 31,670.18 के आसपास दिख रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स में 1.01 फीसदी की बढ़त दिखा रहा है। जबकि हैंगसेंग 2.28 फीसदी की बढ़त के साथ 17,916.23 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, कोस्पी में 1.16 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.12 फीसदी की बढ़त के साथ 3,100.79 के स्तर पर दिख रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।