Market view : भारतीय बाजारों के लिए FIIs की तरफ से अच्छे संकेत हैं। कैश और वायदा में मिलाकर करीब 6500 करोड़ की खरीदारी देखने को मिली है। शॉर्ट्स भी कवर किए गए हैं। हालांकि अमेरिका के रीजनल बैंकों के बैड लोन बढ़ने से ग्लोबल बाजारों के सेंटिमेंट बिगड़े हैं। गिफ्ट निफ्टी नीचे कारोबार कर रहा है। एशिया में भी दबाव है। उधर अमेरिकी बाजार भी फिसले हैं। डाओ जोंस 300 अंक गिरकर बंद हुआ है। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
तिमाही नतीजों का आज बड़ा दिन है। आज RELIANCE IND के Q2 नतीजे आएंगे। कंपनी की आय करीब पौने 2 परसेंट उछलकर 2 लाख 47 हजार करोड़ रुपए रहनी संभव है। EBITDA और मार्जिन में भी बढ़ोतरी का अनुमान है। O2C में अच्छी ग्रोथ रहने की उम्मीद है। जियो से भी अच्छे प्रदर्शन का अनुमान है।
आज इन नतीजों पर भी रहेगी नजर
जेएसडब्ल्यू स्टील, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, 360 वन डब्ल्यूएएम, अतुल, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, बजाज हेल्थकेयर, बैंक ऑफ इंडिया, सीएट, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सीईएससी, क्रिसिल, डालमिया भारत, डीसीबी बैंक, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, हैवेल्स इंडिया, हिंदुस्तान जिंक, इंडिया सीमेंट्स, इंडियामार्ट इंटरमेश, जिंदल सॉ, जन स्मॉल फाइनेंस बैंक, एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर, पॉलीकैब इंडिया, पूनावाला फिनकॉर्प, पीवीआर आईनॉक्स, आरईसी, शॉपर्स स्टॉप, सोभा, सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस, स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी, तानला प्लेटफॉर्म्स, टाटा टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, टीटीके हेल्थकेयर, यूको बैंक और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक आज अपने तिमाही नतीजों की घोषणा करेंगे।
जियो फाइनेंस की ब्याज से कमाई 25% बढ़ी
दूसरी तिमाही में जियो फाइनेंस की ब्याज से होने वाली कमाई 25% बढ़कर 256 करोड़ पर पहुंच गई है। वहीं मुनाफे में एक परसेंट की बढ़त दिखी है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने दूसरे दिन भी अपनी खरीदारी जारी रखी और 16 अक्टूबर को 997 करोड़ रुपये के इक्विटी खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने उसी दिन 4000 करोड़ रुपये से अधिक के इक्विटी खरीदे।
गुरुवार को वॉल स्ट्रीट गिरावट के साथ बंद हुआ। एसएंडपी 500 0.63% की गिरावट के साथ 6,629.07 अंक पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.47% गिरकर 22,562.54 अंक पर बंद हुआ, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.65% गिरकर 45,952.24 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में भारी गिरावट
एशियाई बाजारों में आज चौतरफा गिरावट दिख रही है। गिफ्टी निफ्टी 43.00 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 25,600 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 494.74 अंक यानी 1.02 फीसदी की कमजोरी के साथ 47,783.00 के स्तर के साथ कारोबार कर रहा है। जबकि स्ट्रेट टाइम्स 18.88 अंक यानी 0.43 फीसदी की गिरावट के साथ 4,336.47 के स्तर पर नजर आ रहा है। हैंग सेंग 365.51 अंक यानी 1.41 फीसदी की कमजोरी के साथ 25,514 के स्तर पर नजर आ रहा है। जबकि ताइवान का बाजार 176.00 अंक यानी 0.64 फीसदी की गिरावट के साथ 27,425.83 के स्तर पर और शांघाई कंपोजिट 34.91 अंक यानी 0.89 फीसदी की गिरावट के साथ 3,881.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
1.30 लाख रुपए का हुआ सोना
सोने चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी जारी है। MCX पर सोना रिकॉर्ड पर 1 लाख 30 हजार के पार पहुंच गया है। वहीं चांदी 1 लाख 68 हजार के करीब पहुंच गई है। US-चीन तनाव, अमेरिकी शटडाउन और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से सोने-चांदी को सपोर्ट मिल रहा है।
Q2: उम्मीद पर खरे उतरे इंफोसिस, विप्रो
इंफोसिस और विप्रो के दूसरी तिमाही के नतीजे उम्मीद पर खरे उतरे हैं। इंफोसिस की CC आय 2.2% बढ़ी है। पूरे साल की गाइडेंस में 2-3% ग्रोथ देखने को मिली है। वहीं विप्रो के उम्मीद से बेहतर मार्जिन हासिल किया है। दोनों कंपनियों के ADRs में दबाव दिखा है।