Credit Cards

Stock Market Today : बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर

Stock Market News : पिछले कारोबारी दिन बाजार में लगातार 5वें दिन कमजोरी देखने को मिली थी। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने की चिंता के चलते भारत विदेशी निवेशकों के निकलने का डर बाजार पर हावी हो गया है। जिसके चलते 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 159.60 अंक या 0.83 फीसदी गिरकर 19122.15 पर बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स 0.81 फीसदी या 522.82 अंक गिरकर 64049.06 पर बंद हुआ था

अपडेटेड Oct 26, 2023 पर 9:12 AM
Story continues below Advertisement
Stock Market : 25 अक्टूबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 4,236.60 करोड़ रुपए की बिकवाली की। वहीं, इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3569.36 करोड़ रुपए की खरीदारी की

Stock Market News : आज 26 अक्टूबर को सेंसेक्स-निफ्टी के सपाट खुलने के संकेत दिख रहे हैं। गिफ्टी निफ्टी 30 अंकों की गिरावट के साथ बाजार के लिए निगेटिव संकेत दे रहा है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन बाजार में लगातार 5वें दिन कमजोरी देखने को मिली थी। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने की चिंता के चलते भारत विदेशी निवेशकों के निकलने का डर बाजार पर हावी हो गया है। जिसके चलते 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 159.60 अंक या 0.83 फीसदी गिरकर 19122.15 पर बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स 0.81 फीसदी या 522.82 अंक गिरकर 64049.06 पर बंद हुआ था।

पिवट प्वाइंट कैलकुलेटर से संकेत मिलता है कि निफ्टी को 19077 पर सपोर्ट मिल सकता है। इसके बाद 19012 और 18908 पर अगले बड़े सपोर्ट हैं। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 19147 पर तत्काल रजिस्टेंस हो सकता है जिसके बाद 19350 और 19454 पर अगले रजिस्टेंस दिख रहे हैं।

करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।


एशियन पेंट्स के नतीजे आज

निफ्टी इंडेक्स में शामिल कंपनी एशियन पेंट्स (ASIAN PAINTS)आज दूसरी तिमाही के नतीजे पेश करेगी। इस अवधि में कंपनी का मुनाफा 53 फीसदी बढ़ सकता है। मार्जिन में भी करीब 6 परसेंट की मजबूत ग्रोथ संभव है। जबकि घरेलू वॉल्यूम ग्रोथ 7 फीसदी से 9 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है। ACC, SHRIRAM FINANCE, COLGATE और PNB समेत वायदा की 8 कंपनियों के भी रिजल्ट आज आने वाले हैं।

IRM ENERGY की आज होगी लिस्टिंग

सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी IRM ENERGY की लिस्टिंग आज होगी। इसका इश्यू प्राइस 505 रुपए है। यह आईपीओ 27 गुना से ज्यादा भरा था।

टेक महिंद्रा के नतीजे कमजोर

दूसरी तिमाही में टेक महिंद्रा के नतीजे हर पैमाने पर कमजोर रहे हैं। 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में कंपनी की डॉलर रेवेन्यू करीब 3 फीसदी फिसली है। इस अवधि में कंपनी का एडजस्टेड मुनाफा 7 फीसदी से ज्यादा गिरा है। मार्जिन पर भी तगड़ा दबाव देखने को मिला है।

एक्सिस बैंक के शानदार नतीजे

एक्सिस बैंक ने Q2 में अच्छे नतीजे पेश किए हैं। 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में एक्सिस बैंक का मुनाफा 10 फीसदी तो ब्याज से होने वाली कमाई 19 फीसदी बढ़ी है। इस अवधि में बैंक की लोन ग्रोथ 7 साल में सबसे अच्छी रही है। नेट इंटरेस्ट मार्जिन में भी सुधार दिखा है।

26 अक्टूबर को आने वाले नतीजे

आज 26 अक्टूबर को एशियन पेंट्स, एसीसी, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, कोलगेट-पामोलिव (इंडिया), आवास फाइनेंसर्स, वोडाफोन आइडिया, आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी, कोरोमंडल इंटरनेशनल, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, इंडियन बैंक, जिंदल सॉ, मैक्स इंडिया, एनएलसी इंडिया, रेलटेल कॉर्पोरेशन, श्रीराम फाइनेंस, सिम्फनी, टाटा टेलीसर्विसेज और वेस्टलाइफ फूडवर्ल्ड के 30 सितंबर 2023 में खत्म हुई तिमाही के नतीजे आएंगे।

FII और DII आंकड़े

25 अक्टूबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 4,236.60 करोड़ रुपए की बिकवाली की। वहीं, इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3569.36 करोड़ रुपए की खरीदारी की।

NSE पर F&O बैन में आने वाले शेयर

एनएसई ने डेल्टा कॉर्प को 26 अक्टूबर के लिए अपनी एफएंडओ प्रतिबंध सूची में शामिल किया है, जबकि आरबीएल बैंक को इस सूची में बरकरार रखा है। बताते चलें कि F&O सेगमेंट में शामिल स्टॉक्स को उस स्थिति में बैन कैटेगरी में डाल दिया जाता है, जिसमें सिक्योरिटीज की पोजीशन उनकी मार्केट वाइड पोजीशन लिमिट से ज्यादा हो जाती है।

Trade setup for today : बाजार पर मंदड़ियों की पकड़ मजबूत, मुनाफे के सौदे पकड़ने के लिए इन आंकड़ों पर रहे नजर

गिफ्ट निफ्टी

GIFT निफ्टी 30 अंक यानी 0.16 फीसदी की गिरावट के साथ ब्रॉडर इंडेक्सों के लिए निगेटिव से सपाट संकेत दे रहा है। गिफ्ट निफ्टी वायदा 9049.50 अंक पर कारोबार कर रहा है।

ग्लोबल संकेत कमजोर

अक्टूबर सीरीज की एक्सपायरी के दिन ग्लोबल संकेत कमजोर नजर आ रहे हैं। एशियाई बाजारो में करीब 2% तक की गिरावट आई है। गिफ्ट निफ्टी करीब 80 प्वाइंट नीचे कारोबार कर रहा। नैस्डैक गूगल के अनुमान से फीके नतीजों के बादा करीब 2.5 फीसदी टूटता दिखा है। अमेरिकी बाजार कल गिरावट के साथ बंद हुए थे। क्रूड और बॉन्ड यील्ड में तेजी ने दबाव बनाया है। साथ ही कंपनियों के कमजोर नतीजों ने भी बाजार पर दबाव बनाया है। इधर तिमाही नतीजों के बाद अल्फाबेट 9.5 फीसदी गिरा है। Q3 नतीजों के बाद माइक्रोसॉफ्ट और मेटा चढ़े है। इस बीच डॉलर इंडेक्स 106.44 के स्तर तक पहुंच गया है। आज US के Q3 GDP के आंकड़े आएंगे, जिसपर बाजार की नजरें लगी हुई हैं।

अमेरिका में नए घरों की बिक्री बढ़ी

अमेरिका में फरवरी 2022 के बाद नए घरों की सबसे ज्यादा बिक्री हुई है। सितंबर में ये बिक्री 12.3 फीसदी बढ़कर 7.59 लाख रही है जबकि अगस्त में बिक्री 6.76 लाख पर थी। बाजार को 6.80 लाख बिक्री की उम्मीद थी। अमेरिका में 30 साल की होम लोन दर 23 सालों की ऊंचाई पर पहुंच गई है। 30 साल के होम लोन की दर बढ़कर 8.35 फीसदी पर आ गई है।

क्रूड में 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच क्रूड के भाव में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। इसका भाव 90 डॉलर के पार निकल गया है। उधर COMEX पर सोना भी 2000 डॉलर के करीब कारोबार कर रहा हैं।

एशियाई बाजार

आज एशियाई बाजारों में दबाव देखने को मिल रहा है। GIFT NIFTY 63.00 अंक की गिरावट दिखा रहा है। वहीं, निक्केई करीब 2.18 फीसदी की गिरावट के साथ 30,602.44 के आसपास दिख रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स में 0.66 फीसदी की कमजोरी दिखा रहा है। ताइवान का बाजार 1.43 फीसदी गिरकर 16,124.74 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 0.74 फीसदी की गिरावट के साथ 16,958.35 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, कोस्पी में 2.20 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 2,963.88 के स्तर पर दिख रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।