Market News : अक्टूबर की मंथली एक्सपायरी के दिन भारतीय बाजारों के लिए अच्छे संकेत नजर आ रहे हैं। FIIs के लॉन्ग शॉर्ट रेश्यो 26% के करीब हैं। गिफ्ट निफ्टी भी बढ़त के साथ अच्छे संकेत दे रहा है। एशियाई बाजारों में भी मजबूती के साथ कारोबार हो रहा है। उधर अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड डील की उम्मीद से कल अमेरिकी इंडेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए थे। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
ब्रेंट $66 के पार, सोना $4000 के नीचे
अमेरिका और चीन के बीच डील होने की उम्मीद से सोने चांदी की कीमतों पर दबाव बना है। सोना इंटरनेशनल मार्केट में 4000 डॉलर के नीचे फिसल गया है। चांदी में 46 डॉलर के करीब कारोबार हो रहा है। कल आने वाले फेड के फैसले पर बाजार की नजर बनी हुई है।
AB CAPITAL में ब्लॉक विंडो में डील
AB CAPITAL में आज ब्लॉक विंडो में 1620 करोड़ की ब्लॉक डील हुई है। Advent ने अपनी पूरी 2% हिस्सेदारी बेची है। करीब 304 रुपए प्रति शेयर के भाव पर डील हुई है।
अनुमान से अच्छे IOC के नतीजे, सोना BLW का मुनाफा बढ़ा, मार्जिन पर दबाव
दूसरी तिमाही में IOC के नतीजे अनुमान से कहीं अच्छे रहे हैं। कंपनी का मुनाफा 34% बढ़ा है। मार्जिन में भी सुधार दिखा है। वहीं सोना BLW का प्रॉफिट और रेवेन्यू उम्मीद से कहीं बेहतर रहे हैं। लेकिन मार्जिन पर दबाव दिखा है।
इंडस टावर के ठीक ठाक नतीजे, मझगांव का मुनाफा 28% उछला
तिमाही आधार पर इंडसटावर का मुनाफा करीब 6 परसेंट बढ़ा है। मार्जिन में सुधार आया है। लेकिन आय फ्लैट रही है। उधर मझगांव के नतीजे अच्छे रहे हैं। कंपनी का मुनाफा 28 परसेंट उछला है। मार्जिन भी 18.5% से बढ़कर 23.7% हुए हैं।
आज आएंगे TVS मोटर के नतीजे
आज ऑटो दिग्गज TVS MOTOR के नतीजे आएंगे। कंपनी का मुनाफा 45% बढ़ सकता है। मार्जिन में भी सुधार संभव है। साथ ही, श्री सीमेंट, JSL समेत वायदा की 4 और कंपनियों के रिजल्ट का इंतजार रहेगा।
वॉल स्ट्रीट के मुख्य सूचकांकों ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड ऊंचाई दर्ज की। निवेशक अमेरिका-चीन व्यापार समझौते की संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 337.47 अंक या 0.71% बढ़कर 47,544.59 पर पहुंच गया। एसएंडपी 500 83.47 अंक या 1.23% बढ़कर 6,875.16 पर पहुंच गया। ये पहली बार 6,800 के स्तर से ऊपर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 432.59 अंक या 1.86% बढ़कर 23,637.46 पर पहुंच गया।
एशियाई इंडेक्सों पर नजर डालें तो गिफ्ट निफ्टी 37.50 अंक यानी 0.14 फीसदी की बढ़त के साथ 26,053.50 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 88.32 अंक यानी 0.17 फीसदी की कमजोरी के साथ 50,420 के स्तर पर नजर आ रहा है। हैंग सेंग 8.70 अंक यानी 0.03 फीसदी की कमजोरी के साथ 26,420 के स्तर पर नजर आ रहा है। ताईवान का बाजार 90.76 अंक यानी 0.32 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। कोस्पी 0.98 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है। शांघाई कंपोजिट भी हल्की गिरावट के साथ लाल निशान में है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 27 अक्टूबर को 55 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने उसी दिन 2492 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।