विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) को अचानक भारतीय बाजार अट्रैक्टिव लगने लगा है। एफपीआई ने शुक्रवार यानी 13 नवंबर को लगातार 10वें कारोबारी सत्र भारतीय शेयरों में खरीदारी की। इससे नवंबर में अब तक उनका कुल निवेश करीब 94,250 करोड़ रुपये (10 अरब डॉलर) पहुंच गया है। इसका असर बाजार के प्रमुख सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी पर दिखा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह भारतीय बाजार में तेजी के नए दौर की शुरुआत हो सकती है।
इन वजहों से बदलाव विदेशी निवेशकों का रुख
विदेशी निवेशकों के रुख में बदलाव के पीछे कई वजहें हैं। इनमें अमेरिकी चुनावों के नतीजों को बाद वैश्विक स्थितियों में बदलाव, क्रूड में नरमी और सितंबर तिमाही में कंपनियों के बेहतर नतीजे शामिल हैं। स्टॉक एक्सचेंजों के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में 5,737 करोड़ रुपये (करीब 609 मिलियन डॉलर) के शेयर खरीदे। इसके साथ ही नवंबर में अब तक उनकी कुल शुद्ध खरीदारी 9.08 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।
नवंबर 2020 का रिकॉर्ड टूटने के करीब
इससे पहले विदेशी निवेशकों ने नवंबर 2020 में भारतीय बाजार में किसी एक महीने में इतना ज्यादा निवेश किया था। नवंबर 2020 में FPIs ने भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 9.6 अरब डॉलर का निवेश किया था। मौजूदा खरीदारी इस स्तर के काफी करीब पहुंच चुकी है। इससे भारतीय बाजार का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है। कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह भारतीय शेयर बाजार में तेजी के नए चरण की शुरुआत हो सकती है।
कुछ ही बार एक महीने 7 अरब डॉलर से ज्यादा खरीदारी
विदेशी निवेशकों ने अब तक कुछ ही बार एक महीने में 7 अरब डॉलर से ज्यादा की शुद्ध खरीदारी की है। नवंबर 2020 के अलावा दिसंबर 2020 और दिसंबर 2023 में भी उनका निवेश इस स्तर से ऊपर रहा था। लेकिन, इस बार नवंबर में उनकी खरीदारी किसी एक महीने में सबसे ज्यादा रही है।
घरेलू निवेशक बाजार में कर रहे मुनाफा वसूली
जहां विदेशी निवेशक भारतीय शेयरों पर दांव लगा रहे हैं, वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) का रुख इसके उलट है। पिछले 10 कारोबारी सत्रों में घरेलू संस्थागत निवेशकों ने कुल 5.2 अरब डॉलर के शेयर बेचे हैं। शुक्रवार को भी म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियों और वित्तीय संस्थानों समेत घरेलू निवेशकों ने 2,254 करोड़ रुपये (करीब 239 मिलियन डॉलर) की बिकवाली की। गौरतलब है कि 2026 में अक्टूबर के मध्य तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से करीब 33 अरब डॉलर निकाल चुके थे। ऐसे में नवंबर में उनकी लगातार खरीदारी बाजार के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
ग्लोबल ब्रोकरेज का भी भारतीय बाजार पर भरोसा बढ़ा
भारतीय शेयर बाजार को लेकर विदेशी ब्रोकरेज हाउस का नजरिया भी पॉजिटिव हो रहा है। HSBC, Citi, Bernstein और CLSA जैसी ग्लोबल ब्रोकरेज फर्मों ने भारतीय शेयरों पर अपना आउटलुक बेहतर किया है। इसके पीछे बेहतर मैक्रोइकोनॉमिक स्थिति, शेयरों के आकर्षक होते वैल्यूएशन और कंपनियों की कमाई में संभावित बढ़ोतरी को वजह बताया गया है। HSBC ने भारतीय शेयर बाजार की रेटिंग Neutral से बढ़ाकर Overweight कर दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों के दबदबे वाले एशियाई बाजारों के बीच भारत निवेशकों को पोर्टफोलियो में विविधता लाने का मौका देता है। साथ ही भारतीय बाजार में उतार-चढ़ाव भी अपेक्षाकृत कम है।