शेयर बाजार लगातार 5वें दिन बना रॉकेट, सेंसेक्स 557 अंक उछला, इन 3 कारणों से निवेशक झूमे

Stock Markets Rally: भारतीय रुपये में मजबूती ने आज निवेशकों के सेटीमेंट को उठाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं 20 मार्च को विदेशी निवेशकों ने शुद्ध रूप से 3,239.14 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,136.02 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

अपडेटेड Mar 21, 2025 पर 11:09 PM
Story continues below Advertisement
Stock Markets Rally: भारतीय रुपया शुक्रवार को 14 पैसे की बढ़त के साथ खुला

Stock Markets Rally: भारतीय शेयर बाजार में आज लगातार 5वें दिन ताबड़तोड़ तेजी जारी रही। भारतीय रुपये में मजबूती, IT शेयरों में रिकवरी, बैंक शेयरों में बढ़त के साथ-साथ विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने इस तेजी को सपोर्ट किया। बीएसई सेंसेक्स सुबह 76,155 पर खुला और दिन में 693.88 अंक बढ़कर 77,041.94 के हाई तक गया। बाद में 557.45 अंक या 0.73 प्रतिशत उछलकर 76,905.51 पर बंद हुआ।

इसी तरह एनएसई निफ्टी 23,168.25 पर खुला और दिन में 23,402.70 तक गया। बाद में 159.75 अंक या 0.69 प्रतिशत चढ़कर 23,350.40 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, नेस्ले, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड और जोमैटो फायदे में रहे। दूसरी ओर इन्फोसिस, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन और बजाज फिनसर्व में गिरावट आई। शुक्रवार को बीएसई के 2,823 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,213 में गिरावट हुई।

इस कारोबारी सप्ताह में बीएसई सेंसेक्स 3,076.6 अंक या 4.16 प्रतिशत बढ़ा और एनएसई निफ्टी ने 953.2 अंक या 4.25 प्रतिशत की छलांग लगाई। व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 2.05 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक में 1.14 प्रतिशत की वृद्धि हुई।


शेयर बाजार की इस तेजी के पीछे 3 मुख्य कारण ये रहे-

1. भारतीय रुपये में मजबूती

भारतीय रुपये में मजबूती ने आज निवेशकों के सेटीमेंट को उठाने में अहम भूमिका निभाई। विदेशी निवेश में बढ़ोतरी और रियल इफेक्टिव एक्सचेंज रेट (REER) में गिरावट के कारण भारतीय रुपया शुक्रवार को बढ़त के साथ 86.26 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में 38 पैसे मजबूत होकर 85.98 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये ने शुक्रवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त दर्ज की। इससे पहले गुरुवार को यह 86.3675 के स्तर पर बंद हुआ था, जो इसका दो महीने का उच्चतम स्तर था।

2. विदेशी निवेशकों की बिकवाली में कमी

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPIs) पिछले साल के अंत से लगातार बिकवाली कर रहे थे, लेकिन अब बीते चार सत्रों में से दो में उन्होंने शुद्ध खरीदारी की है। विदेशी निवेशकों ने 20 मार्च को शुद्ध रूप से 3,239.14 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 3,136.02 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट, वी के विजयकुमार ने बताया, "इस सप्ताह बाजार में तेजी आई और निफ्टी 3.5 प्रतिशत से अधिक उछल गया है। इस तेजी का मुख्य कारण FIIs की खरीदारी रही है। लेकिन यह तेजी ऐसे समय में आई है जब ग्लोबल स्तर पर व्यापार को लेकर तनाव बढ़ रहा है और 2 अप्रैल को रेसिप्रोकल टैरिफ लागू होने पर इसमें और इजाफा होने की उम्मीद है।"

3. निचले स्तर पर खरीदारी

शेयर बाजार में आई हालिया गिरावट के चलते कई शेयर, खासतौर से लार्जकैप स्टॉक्स ओवरसोल्ड जोन में चले गए थे। इसके चलते निवेशकों को इन शेयरों में निचले स्तर पर एंट्री का मौका दिख रहा है। यह भी बाजार में आई तेजी के पीछे एख मुख्य वजह है। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च प्रमुख श्रीकांत चौहान ने रॉयटर्स को बताया, "हम फिलहाल रिलीफ या पुलबैक रैली देख रहे हैं, जो 23,300-23,500 के स्तर तक जा सकती है। इस दौरान, लार्ज-कैप स्टॉक्स की वैल्यूएशन निवेशकों के लिए आकर्षक बनी हुई है।"

यह भी पढ़ें- Market Insight: बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव संभव, सतर्क नजरिए के साथ निवेश की सोचें - दिलीप भट्ट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।