Stock Tips: कंपनियां के मार्च तिमाही के नतीजे के हिसाब से ब्रोकरेज निवेशकों को पोजिशन लेने की सुझाव दे रहे हैं। नतीजे के मुताबिक वे पोर्टफोलियो में शेयरों की संख्या घटाने या बढ़ाने की सलाह भी देते हैं। यहां ऐसे तीन शेयरों के बारे बताया जा रहा है जिसे घरेलू ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने बेचने या संख्या घटाने की सलाह दी है। इसमें से एक शेयर एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस (LIC Housing Finance) तो आज 1.92 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है, जबकि बाकी दो देवयानी इंटरनेशनल (Devyani International) 0.71 फीसदी की गिरावट के साथ और एस्ट्रल (Astral) 2.03 फीसदी कमजोर होकर बंद हुआ है। ब्रोकरेज के मुताबिक इनके शेयर मौजूदा लेवल से करीब 37 फीसदी तक टूट सकते हैं।
ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक सीपीवीसी पाइप्स और फिटिंग्स बनाने वाली कंपनी एस्ट्रल का वैल्यूएशन महंगा है। ऐसे में ब्रोकरेज ने 1480 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी रिड्यूस रेटिंग बरकरार रखी है। यह आज बीएसई पर 1651.50 रुपये के बंद भाव से 10 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है। इसका वैल्यूएशन महंगा है तो यह सही कब होगा, इसे लेकर ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी पेंट्स और बाथ वेयर जैसे नए कारोबार में एंट्री कर रही है और इसके दम पर इसका वैल्यूएशन प्रीमियम नीचे आएगा। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो मार्च तिमाही में इसका कंसालिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 8 फीसदी और एडजस्टेड नेट प्रॉफिट 47 फीसदी बढ़ा। एस्ट्रल का भुवनेश्वर प्लंबिंग प्लांट चालू हो चुका है और अब इसके दम पर वॉल्यूम ग्रोथ अच्छी होगी। वहीं दहेज में एडहेसिव प्लांट का परीक्षण चल रहा है। इसके अलावा एस्ट्रल गुवाहाटी और हैदराबाद में प्लंबिंग प्लांट बढ़ा रहा है।
कठिन मांग वाले माहौल में केएफसी, पिज्जा हट और कोस्टा कॉफी के स्टोर चलाने वाली देवयानी इंटरनेशनल के लिए मार्च तिमाही कमजोर रही। मार्च तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 21 फीसदी गिर गया। हालांकि इसका रेवेन्यू 28 फीसदी बढ़ा। मैनेजमेंट ने मीडियम टर्म में 300 स्टोर्स खोलने का लक्ष्य रखा है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि नियर टर्म में इसके कारोबार पर दबाव दिख सकता है। ऐसे में ब्रोकरेज ने 115 रुपये के टारगेट पर इसे रिड्यूस रेटिंग दी है। यह मौजूदा लेवल से 37 फीसदी डाउनसाइड है। इसके शेयर आज बीएसई पर 0.71 फीसदी की गिरावट के साथ 182.95 रुपये पर बंद हुए हैं।
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के लिए मार्च तिमाही मिली-जुली रही। इसका स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5.5 फीसदी बढ़ गया और नेट एनपीए भी 2.7 फीसदी से घटकर 2.5 फीसदी रह गया। हालांकि लोन ग्रोथ में सालाना आधार पर 17 फीसदी की गिरावट रही और इसे सबसे अधिक इंडिविजुअल होम लोन ने दिया जो सालाना आधार पर 24 फीसदी कमजोर हुआ। आगे की बात करें तो बढ़ते कॉम्पटीटिव माहौल में कंपनी को ग्रोथ और मार्जिन में किसी एक को चुनने में मशक्कत जारी रह सकती है। इन सब वजहों से ब्रोकरेज ने 360 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी रिड्यूस रेटिंग बरकरार रखा है। यह बीएसई पर आज के बंद भाव 372.50 से करीब तीन फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।