Stocks in Focus : 2026 में अब तक जबरदस्त तेजी के बाद HFCL के शेयरों में पिछले छह ट्रेडिंग सेशन में से पांच में लगभग 19 प्रतिशत की गिरावट आई है। इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान आज यह शेयर 5 प्रतिशत के लोअर सर्किट पर पहुंच गया और NSE पर 160.66 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गया। यह शेयर 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुला और ज्यादातर समय इसी स्तर पर बना रहा। हालांकि,निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग (कम कीमत पर खरीदारी)देखने को मिली, जिससे शेयर ने कारोबार बंद होने तक अपनी कुछ गिरावट की भरपाई कर ली।
NSE पर HFCL का शेयर 2.46 प्रतिशत गिरकर 164.95 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर में पिछले सेशन में भी गिरावट देखने को मिली थी। कल यह 5 प्रतिशत के लोअर सर्किट बैंड पर बंद हुआ था। पिछले छह सेशन में HFCL के शेयर में 18.63 परसेंट की गिरावट आई है। इस दौरान स्टॉक में सिर्फ़ एक सेशन में बढ़त देखने को मिली। मंगलवार को इसमें मामूली बढ़ोतरी हुई थी।
बोनान्जा के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट विराट जगत का कहना है कि HFCL में हाल के निचले स्तरों से जबरदस्त तेजी देखी गई। ₹185-190 के जोन को टेस्ट करने के बाद इसमें एक हेल्दी पुलबैक (मामूली गिरावट) आया है। उन्होंने आगे कहा कि टेक्निकल नज़रिए से देखें तो स्टॉक का स्ट्रक्चर बुलिश बना हुआ है क्योंकि यह अपने लॉन्ग-टर्म मूविंग एवरेज से काफी ऊपर ट्रेड कर रहा है। स्टॉक के लिए ₹154-155 के आसपास 0.618 फिबोनाची रिट्रेसमेंट लेवल तत्काल सपोर्ट का काम कर रहा है। यह एक अहम लेवल है जिस पर नजर रखनी चाहिए। जब तक स्टॉक क्लोजिंग बेसिस पर इस जोन से ऊपर बना रहता है,तब तक इसमें अपट्रेंड के बने रहने की संभावना है।
उन्होंने आगे कहा कि रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI)ओवरबॉट लेवल से नीचे आया है,जो ट्रेंड बदलने के बजाय प्रॉफिट बुकिंग का संकेत है। निवेशक सपोर्ट लेवल के पास गिरावट पर इस स्टॉक को खरीदने पर विचार कर सकते हैं। स्टॉक के फिर से 180-190 रुपये तक जाने की संभावना है। अगर यह 154 रुपये के लेवल से नीचे जाता है तो इसमें और गिरावट आ सकती है और यह 145 रुपये तक जा सकता है।
बता दें कि हाल की गिरावट के बावजूद HFCL के शेयरों में 2026 में अब तक 140 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हुई है। इसका आज का दिन का हाई 170.70 रुपए और दिन का लो 160.66 रुपए है। स्टॉक का 52 वीक हाई 208.98 रुपए और 52 वीक लो 59.82 रुपए है। स्टॉक का ट्रेडिंग वॉल्यूम 52,686,036 शेयर और मार्केट कैप 25,052 करोड़ रुपए है।
1 हफ्ते में यह शेयर 16.95 फीसदी टूटा है। वहीं, 1 महीने में इसमें 10.25 फीसदी की और तीन महीने में 127.14 फीसदी की तेजी आई है। इस साल अब तक इसमें 141.45 फीसदी की तेजी आई है। 1 साल में यह शेयर 78.75 फीसदी भागा है। वहीं, 3 साल में इसमें 133.33 फीसदी रिटर्न मिला है।
डिस्क्लेमर:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।