Stocks To Buy: ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों (NBFC) सेक्टर की तीन कंपनियों को 'Buy' की रेटिंग के साथ कवर करना शुरू किया है। इनमें पिरामल फाइनेंस, एलएंडटी फाइनेंस और टाटा कैपिटल शामिल हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि इन शेयरों में आने वाले समय में 19 से 26 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा कंपनी ने HDB फाइनेंशियल सर्विसेज पर भी पहली बार कवरेज शुरू किया है, लेकिन इसके लिए “न्यूट्रल” रेटिंग दी है।
नोमुरा ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारत का NBFC सेक्टर आने वाले सालों में तेज कॉम्पिटीशन के दौर से गुजर सकता है। कई कंपनियां नए उत्पादों और नए मार्केट्स में विस्तार पर ध्यान दे रही हैं। इसके साथ ही पूरे सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम के इस्तेमाल में तेजी आ रही है, जो लेंडिंग प्रक्रिया में संरचनात्मक बदलाव ला सकता है।
1. पिरामल फाइनेंस (Piramal Finance)
नोमुरा के मुताबिक वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच कंपनी के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में लगभग 26 प्रतिशत CAGR की ग्रोथ देखने को मिल सकती है। कंपनी मीडियम-स्तर के रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) हासिल कर सकती है, जिससे निवेशकों के लिए जोखिम और रिटर्न का संतुलन अनुकूल दिखाई देता है।
2. एलएंडटी फाइनेंस (L&T Finance)
एलएंडटी फाइनेंस के शेयर को भी नोमुरा ने “बाय” रेटिंग दी है और इसके लिए 325 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह टारगेट मौजूदा स्तर से करीब 19.5 प्रतिशत की संभावित बढ़त दिखाता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने अपने “टारगेट 2026” कार्यक्रम के अधिकतर उद्देश्यों को लगभग हासिल कर लिया है। इसके तहत कंपनी ने अपने रिटेल लोन पोर्टफोलियो का हिस्सा बढ़ाकर लगभग 95 प्रतिशत करने और 2026 तक रिटेल लोन में लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हासिल करने का लक्ष्य रखा था। नोमुरा के मुताबिक कंपनी ने अंडरराइटिंग और मॉनिटरिंग के लिए मजबूत AI सिस्टम विकसित किए हैं, जिससे एसेट क्वालिटी में सुधार के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं।
3. टाटा कैपिटल (Tata Capital)
नोमुरा के मुताबिक टाटा कैपिटल में सबसे अधिक तेजी की संभावना है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए 400 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से लगभग 26 प्रतिशत की संभावित बढ़त दिखाता है। टाटा कैपिटल के पास मजबूत हाउसिंग फाइनेंस कारोबार है, हालांकि फिलहाल कंपनी के लिए व्हीकल लोन पोर्टफोलियो को स्थिर करना प्राथमिकता बनी हुई है।
नोमुरा का अनुमान है कि कंपनी का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) वित्त वर्ष 2025 के 1.7 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2028 तक लगभग 2.3 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। बेहतर क्रेडिट लागत, ऑपरेटिंग लीवरेज और उच्च रिटर्न वाले सेगमेंट में प्रवेश से कंपनी की लाभप्रदता बढ़ सकती है।
4. एचडीबी फाइनेंशियल (HDB Financial)
नोमुरा ने HDB फाइनेंशियल सर्विसेज पर “न्यूट्रल” रेटिंग दी है और इसके लिए 760 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह मौजूदा स्तर से लगभग 13 प्रतिशत की संभावित बढ़त दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने अतीत में ऊंचे रिटर्न ऑन इक्विटी और 20 प्रतिशत से अधिक लोन ग्रोथ दर्ज की है, लेकिन फिलहाल इसका कारोबार तुलनात्मक धीमे चरण से गुजर रहा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।