Sugar Stocks: गन्ना किसानों को सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, धड़ाम से नीचे आए शुगर स्टॉक्स

Sugar Stocks: गन्ने की एफआरपी बढ़ने से शुगर स्टॉक्स को झटका लगा है। केंद्र सरकार ने बुधवार को 2024-25 सत्र के लिए गन्ने की FRP को प्रति कुंतल 25 रुपये बढ़ाने की मंजूरी दे दी। इसके चलते शुगर शेयरों पर आज बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा है। गन्ने की नई एफआरपी एक अक्टूबर 2024 से लागू होगी। चेक करें अब नई एफआरपी क्या है और शुगर स्टॉक्स की क्या हालत है

अपडेटेड Feb 22, 2024 पर 2:06 PM
केंद्र सरकार ने बुधवार को 2024-25 सत्र के लिए गन्ने की FRP को प्रति कुंतल 25 रुपये बढ़ाकर 340 रुपये करने की मंजूरी दे दी।

Sugar Stocks: शुगर शेयरों पर आज बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा है। केंद्र सरकार ने 2024-25 सत्र के लिए गन्ने का फेयर एंड रिम्यूनेरेटिव प्राइस (FRP) प्रति कुंतल 25 रुपये बढ़ा दिया और अब यह 340 रुपये प्रति कुंतल पर पहुंच गया है। इस फैसले के अगले दिन आज शुगर कंपनियों के शेयर तीन फीसदी तक गिर गए। गन्ने की एफआरपी बढ़ाने का फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में लिया गया। गन्ने की नई एफआरपी एक अक्टूबर 2024 से लागू होगी। गन्ने का नया सत्र अक्टूबर से शुरू होता है।

गन्ना किसान परिवारों के पांच करोड़ से अधिक लोगों को मिलेगा फायदा

केंद्र सरकार ने बुधवार को 2024-25 सत्र के लिए गन्ने की FRP को प्रति कुंतल 25 रुपये बढ़ाकर 340 रुपये करने की मंजूरी दे दी। सरकार का कहना है कि केंद्र सरकार के इस फैसले से गन्ना किसानों और उनके परिवार को मिलाकर पांच करोड़ से अधिक को फायदा मिलेगा। इसके अलावा चीनी क्षेत्र से जुड़े लाखों अन्य लोगों को फायदा होगा। 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एनडीए की सरकार बनने के बाद गन्ना के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी एफआरपी है। वहीं यह दूसरी बार है जब मोदी सरकार ने एफआरपी में एक ही बार में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है।


SEBI ने तीन एंटिटीज पर लगाया ₹3 लाख का जुर्माना, फंड बंद नहीं करने पर हुई कड़ी कार्रवाई

Sugar Stocks को लगा झटका

गन्ने की एफआरपी बढ़ने से शुगर स्टॉक्स को झटका लगा है। राणा शुगर्स का शेयर 3.21 फीसदी गिरकर 25.35 रुपये पर, मवाना शुगर्स 2.81 फीसदी गिरकर 101.70 रुपये पर, राजश्री शुगर्स एंड केमिकल्स 2.50 फीसदी गिरकर 72.62 रुपये, श्री रेणुका शुगर्स 2.41 फीसदी गिरकर 48.50 रुपये, केसीपी शुगर एंड इंडस्ट्रीज 2.20 फीसदी गिरकर 40.87 रुपये और ईआईडी पैरी (इंडिया) का शेयर 1.57 फीसदी गिरकर 629.20 रुपये पर आ गया।

इसके अलावा डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज का शेयर 1.15 फीसदी की गिरावट के साथ 403.15 रुपये, बलरामपुर चीनी मिल्स 1.12 फीसदी गिरकर 376.50 रुपये, धामपुर शुगर मिल्स 0.96 फीसदी की गिरावट के साथ 248 रुपये और त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ 347.80 रुपये पर आ गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।