Sun Pharma Share Price: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी सन फार्मा के शेयरों की आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी ताबड़तोड़ खरीदारी हो रही है। इस जोरदार रुझान के दम पर इसके शेयर 1 फीसदी से अधिक उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। इसके शेयरों में यह तेजी कंपनी की दिसंबर तिमाही के शानदार नतीजे के चलते दिख रही है। जब से इसके नतीजे आए हैं, उसके बाद से मार्केट में उतार-चढ़ाव के सेंटिमेंट के बावजूद बजट (Interim Budget 2024) के दिन को छोड़ हर दिन यह मजबूत ही हुआ है। फिलहाल BSE पर यह 1.07 फीसदी की बढ़त के साथ 1516.25 रुपये के भाव पर हैं। इंट्रा-डे में यह 1.26 फीसदी उछलकर 1519.15 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। ब्रोकरेज के मुताबिक अभी यह और ऊपर चढ़ेगा।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज के मुताबिक सन फार्मा के नतीजे उसकी उम्मीद के मुताबिक ही रही। Ilumya, Cequa और Levulan जैसी दवाईयों के दम पर स्पेशल्टी बिजनेस तिमाही आधार पर 23 फीसदी उछलकर 29.1 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय कारोबार 11.4 फीसदी की स्पीड से बढ़ा। अब आगे की बात करें तो इस साल की दूसरी छमाही यानी जुलाई-दिसंबर 2024 में कंपनी यूरोप में स्किन कैंसर की दवा Nidlegy के लिए आवेदन करने वाली है जिससे नियर टर्म में इसके स्पेशल्टी सेल्स को बढ़ावा मिलेगा। भारत में बात करें तो नए एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) इसका कारोबार बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। कंपनी ने दिसंबर तिमाही में 28 प्रोडक्ट्स लॉन्च किए थे।
इन सब पॉजिटिव बातों के बावजूद ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने इसके महंगे वैल्यूएशन के चलते रेटिंग को ऐड से होल्ड कर दिया है लेकिन टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1400 रुपये कर दिया है। वहीं एक और ब्रोकरेज फर्म सिटी का मानना है कि इसका मार्जिन आउटलुक काफी मजबूत है। इसके चलते ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 1640 रुपये पर फिक्स किया है।
Sun Pharma के शेयरों ने दिया है कैसा रिटर्न
सन फार्मा के शेयर पिछले साल 22 मई 2023 को एक साल के निचले स्तर 922.25 रुपये पर थे। इस लेवल से 9 महीने में यह करीब 65 फीसदी उछलकर आज 9 फरवरी 2024 को 1,519.15 रुपये पर पहुंच गया। यह इसके शेयरों का रिकॉर्ड हाई है। ब्रोकरेज के दिए टारगेट के हिसाब से अभी यह इस लेवल से और ऊपर चढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।