Sun Pharma share Price: सन फार्मास्युटिकल्स के शेयर 1 सितंबर को बाजार खुलते ही गिर गए। सन फॉर्मा टैरिफ में रियायत की शर्त पर अमेरिका में कम कीमत पर दवाओं की सप्लाई के लिए तैयार हो गई है। दरअसल, कंपनी ने अमेरिकी सरकार से एक समझौता किया है। इसके तहत वह अमेरिकी स्टेट मेडिकेड प्रोग्राम के लिए कम कीमत पर दवाओं की सप्लाई करेगी। वह भविष्य में लॉन्च होने वाली इनोवेटिव दवा की सप्लाई भी कम कीमत पर करेगी।
सस्ती दवाओं की सप्लाई के लिए अमेरिकी सरकार से समझौता
1 सितंबर को Sun Pharma का शेयर 1 बजे 2.47 फीसदी गिरकर 1,935.30 रुपये पर चल रहा था। हालांकि, इससे पहले के सत्र में 3.4 फीसदी चढ़ा था। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में दूसरी कई दवा कंपनियों के साथ वह भी शामिल हुई। इस कार्यक्रम का आयोजन अमेरिकी सरकार से समझौते के ऐलान के लिए किया गया था। दवा कंपनियों ने अमेरिकी सरकार से जो समझौता किया है, उससे अमेरिका में लोगों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा।
भविष्य में लॉन्च होने वाली इनोवेटिव दवाएं भी समझौते के तहत आएंगी
इस समझौते के तहत सन फार्मा अमेरिका के सरकारी मेडीकेड प्रोग्राम के लिए MFN प्राइसिंग के तहत दवाओं की सप्लाई करेगी। उसने बाद में लॉन्च होने वाली दवाओं के लिए भी एमएफएन प्राइसिंग का इस्तेमाल करने का वादा किया है। हालांकि, इस समझौते की शर्तों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन, एमएफएन प्राइसिंग का मतलब यह है कि सन फार्मा अमेरिकी सरकार के मेडीकेड प्रोग्राम के लिए भी उसी कीमत पर दवाएं सप्लाई करेगी, जिस कीमत पर वह विकासशील देशों में दवाएं बेचती है।
सन फॉर्मा को अमेरिकी टैरिफ से दो साल तक मिलेगी रियायत
इस समझौते का असर सन फॉर्मा के अमेरिकी रेवेन्यू पर पड़ सकता है। लेकिन, यह असर कितना होगा, अभी यह बताना मुश्किल है क्योंकि समझौते की शर्तों के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है। अभी यह भी पता नहीं है कि इस समझौते के दायरे में सन फार्मा की कौन-कौन सी दवाएं आएंगी। हालांकि, इस समझौते के बदले सन फार्मा को अमेरिकी टैरिफ में काफी रियायत मिलेगी।
सन फार्मा के ग्लोबल रेवेन्यू में अमेरिका की 27 फीसदी हिस्सेदारी
सन फार्मा ने कहा है कि अमेरिकी सरकार उसके इनोवेटिव फार्मा प्रोडक्ट्स को दो साल से ज्यादा समय तक सेक्शन 232 के टैरिफ के दायरे से बाहर रखने को तैयार हो गई है। अमेरिकी सरकार ने अमेरिका में सन फॉर्मा के निवेश को देखते हुए यह रियायत दी है। सन फार्मा की ग्रोथ के लिए अमेरिकी बाजार काफी अहम है। कंपनी के ग्लोबल रेवेन्यू में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 27 फीसदी है। सन फार्मा के इनोवेटिव प्रोडक्ट्स के लिए अमेरिका सबसे बड़ा बाजार है।