Suzlon Stocks: सुजलॉन के शेयर में लगा 5% अपर सर्किट, मॉर्गन स्टैनली ने कहा, - 'बहुत हुई गिरावट, अब खरीदारी का मौका'

Suzlon Energy share price: मॉर्गन स्टैनली ने कहा कि सुजलॉन एनर्जी का शेयर अपने शिखर से करीब 45 फीसदी गिर चुका है। यह गिरावट इस शेयर में खरीदारी का एक शानदार मौका देती है। उसने कहा कि सुजलॉन एनर्जी की कारोबारी क्षमताएं और विंड एनर्जी सेगमेंट में मजबूत उपस्थिति इस भारत के एनर्जी ट्रांजिशन का एक अहम लाभार्थी बनाती है

अपडेटेड Nov 19, 2024 पर 11:07 AM
Suzlon Energy Shares: मॉर्गन स्टैनली ने Suzlon Energy के शेयर को ओवरवेट की रेटिंग दी है

Suzlon Energy share price: विदेशी ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनली ने सुजलॉन एनर्जी के शेयरों की रेटिंग को 'इक्वल वेट' से बढ़ाकर 'ओवरवेट' कर दिया है। साथ ही इसे 71 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस खबर के बाद सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में आज 19 नवंबर को 5 पर्सेंट का अपर सर्किट लगा और इसका भाव बढ़कर 62.22 रुपये पर पहुंच गया। यह लगातार तीसरा दिन है, जब सुजलॉन एनर्जी के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। मॉर्गन स्टैनली का नया टारगेट प्राइस इसके सोमवार के बंद भाव से करीब 20 फीसदी ऊपर है।

मॉर्गन स्टैनली ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि सुजलॉन एनर्जी का शेयर अपने शिखर से करीब 45 फीसदी गिर चुका है। यह गिरावट इस शेयर में खरीदारी का एक शानदार मौका देती है। उसने कहा कि सुजलॉन एनर्जी की कारोबारी क्षमताएं और विंड एनर्जी सेगमेंट में मजबूत उपस्थिति इस भारत के एनर्जी ट्रांजिशन का एक अहम लाभार्थी बनाती है। ब्रोकरेज ने कहा कि उसका 5.1 गीगावाट का बड़ा ऑर्डर बैकलॉग अगले 24 महीनों में पूरा किया जा सकता है।

मॉर्गन स्टैनली ने कहा कि सुजलॉन एनर्जी का मार्केट शेयर, वित्त वर्ष 2027 तक बढ़कर 35 से 40 फीसदी तक पहुंच सकता है, जो वित्त वर्ष 2024 के अंत में 24 फीसदी था। हालांकि ब्रोकरेज ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए सुजलॉन एनर्जी के सेल्स वॉल्यूम के अनुमान को घटाकर 1.3 गीगावाट कर दिया है, जो पहले 1.5 गीगावाट था। हालांकि वित्त वर्ष 2025 से 2027 के दौरान कुल सेल्स वॉल्यूम के अनुमान को उसने 7.15 गीगावाट पर बरकरार रखा है।


हालिया सितंबर तिमाही में सुजलॉन एनर्जी का शुद्ध मुनाफा करीब दोगुना बढ़कर 200 करोड़ रुपये रहा था, जो पिछले साल इसी तिमाही में 102 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान 48 फीसदी बढ़कर 2,103 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 1,421 करोड़ रुपये रहा था।

वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA सितंबर तिमाही में 31.3 फीसदी बढ़कर 293.7 करोड़ रुपये रहा। हालांकि EBITDA मार्जिन में गिरावट आई और यह पिछले साल के 15.74 फीसदी से घटकर 13.97 फीसदी रहा। सुजलॉन एनर्जी के शेयर ने हालिया गिरावट के बावजूद इस साल अब तक निवेशकों को करीब 55 फीसदी का रिटर्न दिया है।

यह भी पढ़ें- ITI के शेयर में 3% की तेजी, उत्तराखंड में मिले 95 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट ने दिया बूस्टर डोज

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।