Symphony Share Price: कूलर बनाने वाली कंपनी सिंफनी के शेयर में 6 अगस्त को 20 प्रतिशत तक की जबरदस्त तेजी देखने को मिली और 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। साथ ही अपर प्राइस बैंड भी हिट हुआ। 6 अगस्त को कंपनी ने अप्रैल-जून 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए, साथ ही बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पहले इंटरिम डिविडेंड और शेयर बायबैक को मंजूरी दी। शेयर में सुबह से ही बंपर खरीद हो रही है।
अप्रैल-जून 2024 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 76 प्रतिशत बढ़कर 531 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 302 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 267 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 88 करोड़ रुपये हो गया। जून 2023 तिमाही में यह 24 करोड़ रुपये था। जून 2024 तिमाही में कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 50 प्रतिशत बढ़कर 428 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 286 करोड़ रुपये था।
कहां पहुंची Symphony शेयर की कीमत
बीएसई पर सुबह शेयर बढ़त के साथ 1230.40 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 20 प्रतिशत तक चढ़ा और 1474.90 रुपये पर 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। साथ ही अपर प्राइस बैंड हिट हुआ। कारोबार खत्म होने पर शेयर 1470 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 10000 करोड़ रुपये पर है। पिछले एक साल में शेयर 66 प्रतिशत मजबूत हुआ है।
इंटरिम डिविडेंड और बायबैक
सिंफनी के बोर्ड ने शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 1 रुपये का इंटरिम डिविडेंड देने का फैसला किया है। इसके अलावा 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 2,85,600 तक फुली पेड अप इक्विटी शेयरों के बायबैक को मंजूरी दी गई है। ये शेयर, कंपनी के कुल इक्विटी शेयरों के 0.41 प्रतिशत के बराबर हैं। बायबैक 2500 रुपये प्रति शेयर के भाव पर होगा। इस तरह बायबैक का साइज 71,40,00,000 रुपये होगा। बायबैक और डिविडेंड को लेकर शेयरधारकों की पात्रता निर्धारित करने के लिए रिकॉर्ड डेट 21 अगस्त 2024 तय की गई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।