भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार को कारोबारी हफ्ते की पॉजिटिव शुरुआत की। 21 सितंबर को होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी मीटिंग (FOMC) से पहले और अन्य एशियाई और यूरोपीय बाजारों द्वारा कमजोर प्रदर्शन के बावजूद भारतीय बाजार में पॉजिटव रुख देखने को मिला। आज के मजबूत क्लोजिंग ने भारतीय शेयर बाजारों में तीन दिन की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया।
आज 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 300 अंक या 0.51 प्रतिशत बढ़कर 59,141 पर पहुंच गया। जबकि निफ्टी 91 अंक या 0.52 प्रतिशत बढ़कर 17,622 पर बंद हुआ।
एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि भारत TINA (there is no alternative (कोई विकल्प नहीं है) कारक का आनंद ले रहा है। इसके कारण सोमवार को विदेशी निवेशकों ने कुछ बाईंग इंटरेस्ट दिखाया। एफआईआई द्वारा भारतीय शेयरों से 1,200 करोड़ रुपये निकालने के बाद शुक्रवार को पिछले कारोबारी सत्र के दौरान भारतीय शेयर बाजारों में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
मेटल और रियल्टी को छोड़कर निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स ने आज अच्छी वापसी की। इन दोनों इंडेक्स में बिकवाली का दबाव आज भी बना रहा। इनमें क्रमश: 0.95 और 0.45 प्रतिशत की गिरावट आई।
पीएसयू बैंक इंडेक्स आज सबसे ज्यादा बढ़त के साथ दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। एफएमसीजी और ऑटो इंडेक्स एक-एक प्रतिशत के करीब चढ़े।
निफ्टी पर एमएंडएम, बजाज फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, अडानी पोर्ट्स और एचयूएल दो से तीन प्रतिशत के बीच बढ़त के साथ टॉप पर रहे।
सबसे ज्यादा गिरने वाले स्टॉक्स में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, ब्रिटानिया, आईसीआईसीआई बैंक और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन शामिल रहे। जिनमें से प्रत्येक में 2 से 2.5 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान की मंगलवार के लिए निफ्टी पर राय
श्रीकांत ने कहा कि तकनीकी रूप से सुबह की गिरावट के बाद निफ्टी को 17450 (जो कि डबल बॉटम सपोर्ट लेवल है) के पास सपोर्ट मिला। वहां से ये तेजी से ऊपर की ओर आया। इसके बाद निफ्टी 17580-17665 के स्तर के बीच कारोबार करता नजर आया। अगर निफ्टी 17550 के ऊपर ट्रेड करता है तो पुल-बैक फॉर्मेशन जारी रहने की संभावना है। इसके ऊपर इंडेक्स 20 डे एसएमए स्तर 17675 को छू सकता है। ऊपर जाने पर निफ्टी 17800 तक बढ़ सकता है। दूसरी तरफ, 17550 से नीचे गिरने पर निफ्टी 17450- 17400 के स्तर पर फिर से लुढ़क सकता है।
Mehta Equities के प्रशांत तापसे की मंगलवार के लिए निफ्टी पर राय
प्रशांत ने कहा कि निफ्टी में सतर्क रुख के बीच बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। तकनीकी रूप से देखें तो निफ्टी में सबसे बड़ा सपोर्ट 17429 पर होगा। इससे नीचे निफ्टी 17161 के निचले स्तर पर जा सकता है। वहीं ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 17867 पर रेजिस्टेंस है। यदि ये लेवल पार हुआ तो फिर इसमें 18115 लेवल पर रेजिस्टेंस है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )