भारतीय इक्विटी बाजार के लिए अब तक यह साल अच्छा नहीं रहा है, लेकिन अगर आप निफ्टी को वैश्विक नजरिए से देखें तो इसमें कोई शक नहीं कि यह अपने समकक्ष इंडेक्सेस को मात देने में कामयाब रहा है। इस साल अब तक एसएंडपी 500 (S&P 500) में 19 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि निफ्टी सपाट कारोबार कर रहा है।
हमारे सहयोगी चैनल CNBC TV-18 के साथ एक साक्षात्कार में मॉर्गन स्टेनली इंडिया के प्रबंध निदेशक, रिधम देसाई (Ridham Desai, managing director at Morgan Stanley India) ने भारतीय बाजार के इस बेहतर प्रदर्शन के पीछे के कारणों को साझा किया।
रिधम देसाई ने कहा “सरकार ने सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में कॉर्पोरेट मुनाफे की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। सितंबर 2019 में सरकार ने बेस कॉर्पोरेट टैक्स को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत करने की घोषणा की। तभी से यह सब शुरू हुआ। जब मुनाफा बढ़ता है, कंपनियां निवेश करती हैं, वे नौकरियां उपलब्ध कराती हैं, पगार बढ़ती है। यह बड़ा साइकल होता है।"
उन्होंने कहा, "सकल घरेलू उत्पाद के मुकाबले कॉर्पोरेट मुनाफा अभी 4 प्रतिशत है। अगले 4-5 वर्षों में यह संभवत: 8 प्रतिशत हो जाएगा।"
भारत के बेहतर प्रदर्शन के पीछे एक अन्य कारण इसका ग्लोबल मार्केट से अलग हटकर होना भी है।
“पिछले आठ वर्षों में भारत के बाजार तेल के साथ जुड़े हुए या पूरी तरह से उस पर निर्भर नहीं हैं। अमेरिकी बाजार संभावित मंदी का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद भारतीय बाजारों का प्रदर्शन खराब नहीं है। भारतीय बाजार की स्थिति मूल रूप से निफ्टी में लार्ज-कैप स्टॉक की तरह है। ” उन्होंने आगे कहा "हम पूरी तरह से ग्लोबल मार्केट से अलग नहीं हो सकते हैं लेकिन ग्लोबल मार्केट के प्रति हमारी संवेदनशीलता घट गई है या ग्लोबल मार्केट का हमारे ऊपर सीधा पड़नेवाला असर निश्चित रूप से पहले से कम हो गया है।"
विदेशी संस्थागत निवेशक जून तक लगातार बिकवाली के बाद अब वापसी कर रहे हैं। देसाई का मानना है कि वे बड़े पिक्चर से चूक गए हैं। विदेशी निवेशक अब यह महसूस कर रहे हैं कि भारत का बाजार अन्य पड़ोसी देशों के कमजोर बाजारों की तुलना में सबसे अच्छा है।
देसाई ने कहा "फाइनेंशियल शेयरों में दांव खेला जा सकता है। इस सेक्टर में एक तेज बुल मार्केट देखने को मिलेगा। हम जल्द ही एक loan boom period (लोन में तेजी आने वाली अवधि) में प्रवेश करेंगे। जो 2004-07 के युग की गति से मेल खाएगा। ” उन्होंने आगे कहा "मैं एक विरोधाभासी सलाह दूंगा कि आईटी सेक्टर के शेयरों में निचले स्तर पर खरीदारी की जा सकती है। जैसे ही अमेरिका मंदी में प्रवेश करेगा आईटी कंपनियों की कमाई पर कुछ दबाव दिखेगा। लेकिन इस सेक्टर में यह मंदी केवल 1-2 तिमाही के लिए होगी।"
जैसा कि निवेशक इस अस्थिर बाजार में निवेश के मौके तलाश करना चाहते हैं। इस पर उन्होंने कुछ बुद्धिमानी वाली सलाह दी और कहा। "यह समय का खेल है। आने वाले 5-7 साल में बहुत सारा पैसा बनने वाला है। भारत एक बड़ा बुल मार्केट होने वाला है। इसमें केवल चेतावनी या आशंका 2024 के आम चुनाव होंगे।"
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )