Stock market: बाजार में आज लगातार 9 दिनों से चल रही तेजी थमती दिखी। आईटी शेयरों ने बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव बनाया। इंफोसिस के उम्मीद से कमजोर नतीजों ने आईटी शेयरों पर दबाव बनाया है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 520.25 अंक यानी 0.86 फीसदी की कमजोरी के साथ 59910.75 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 121.20 अंक यानी 0.68 फीसदी की गिरावट के साथ 17706.80 के स्तर पर बंद हुआ है। मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बीच बाजार आज हल्की गिरावट के साथ खुला था। कारोबारी दिन के आगे बढ़ने के साथ ही कैपिटल, गुड्स,फार्मा और आईटी में आई बिकवाली के चलते बाजार की कमजोरी बढ़ती दिखी। हालांकि पीएसयू बैंक, मेटल, एफएमसीजी और ऑटो में हुई खरीदारी के चलते गिरावट बहुत ज्यादा नहीं बढ़ने पाई।
