इस हफ्ते के पहले दिन सोमवार 26 सितंबर को लगातार चौथे सत्र के लिए बाजार में बिकवाली जारी रही। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच बाजार ने नए हफ्ते की शुरुआत निगेटिव नोट पर की। जैसे-जैसे दिन का कारोबार बढ़ता गया बाजार में गिरावट बढ़ती गई। हालांकि इंट्रा डे रिकवरी के बावजूद बाजार दिन के निचले स्तर के करीब बंद हुआ।
इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) को छोड़कर सभी सेक्टर्स में बिकवाली नजर आई। रुपया एक नए रिकॉर्ड निचले स्तर (81.66) पर पहुंचकर इंडेक्सेस को दो महीने के निचले स्तर पर ले गया। इसकी वजह से इंट्राडे में निफ्टी 17,000 से नीचे फिसल गया।
आज बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स 953.70 अंक या 1.64% की गिरावट के साथ 57,145.22 पर बंद हुआ। निफ्टी 311 अंक या 1.79% की गिरावट के साथ 17,016.30 पर बंद हुआ।
Religare Broking के अजीत मिश्रा की कल के लिए निफ्टी पर ट्रेडिंग सलाह
निफ्टी इंडेक्स दिन के निचले स्तर के करीब 17,016 के स्तर पर बंद हुआ। आज इसमें बिकवाली का बहुत ज्यादा दबाव दिखा। आईटी को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स गहरे लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर इंडेक्स ने भी कमजोरी के साथ कारोबार किया। इसके प्रत्येक इंडेक्स में 3% से अधिक की गिरावट आई।
अजीत मिश्रा ने कहा कि वैश्विक मोर्चे पर कोई राहत नहीं मिल रही है। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की बिकवाली फिर से शुरू होने के साथ हमें लगता है कि बाजार दबाव में रहेगा। निफ्टी में 16,800-16,900 का जोन देखने को मिल सकता है। एफएमसीजी, फार्मा और आईटी से चुनिंदा पॉकेट थोड़ी वापसी दिखा रहे हैं। जबकि अधिकांश सेक्टर दबाव में कारोबार करते नजर आये। इसलिए ट्रेडर्स को परिस्थिति के अनुसार अपनी पोजीशन बनानी चाहिए।
Sharekhan by BNP Paribas की गौरव रत्नपारखी की कल के लिए निफ्टी पर ट्रेडिंग सलाह
निफ्टी पिछले कुछ हफ्तों से शॉर्ट टर्म करेक्शन मोड में है। आज 26 सितंबर को वैश्विक संकेतों के कारण इसकी ओपनिंग गैप डाउन रही। इसमें बिकवाली देखने को मिली। इसने नीचे फिसलते हुए अगस्त के निचले स्तर 17166 को तोड़ दिया। बिकवाली के दबाव से ये 200 डीएमए के करीब पहुंच गया।
गौरव ने कहा कि इंडेक्स को 16947-17018 के गैप एरिया से सपोर्ट मिला है। ये गैप एरिया जुलाई में डेली चार्ट पर बना था। इंडेक्स ने उस लेवल से इंट्राडे में ऊपर उठने का प्रयास किया, लेकिन स्थायी रूप से रिकवर नहीं हो सका। ये ऊपर की ओर 17200 के स्तर पर निकट भविष्य में अटकता हुआ नजर आ सकता है। वहीं दूसरी तरफ निफ्टी अगर गैप एरिया को तोड़ता है तो यह 16800 तक लुढ़क सकता है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )