Stock market:आज 19 अप्रैल को बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने के मिला। बाजार लगातार तीसरे दिन लाल निशान में बंद हुआ है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 159.21 अंक यानी 0.27 फीसदी की गिरावट के साथ 59567.80 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 41.40 अंक यानी 0.23 फीसदी की कमजोरी के साथ 7618.80 के स्तर पर बंद हुआ है। आज करीब 1768 शेयरों में बढ़त देखने को मिली है। जबकि 1650 शेयरों में गिरावट रही है। वहीं, 117 शेयरों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, इंडसइंड बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और विप्रो आज निफ्टी के टॉप लूजर रहे, जबकि बीपीसीएल, डिविस लैबोरेटरीज, बजाज ऑटो, एक्सिस बैंक और एमएंडएम टाप गेनर रहे।
आईटी और पावर इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आईटी और पावर इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि मेटल, ऑयल एंड गैस और फार्मा में खरीदारी देखने को मिली है। आज निफ्टी के 50 में से 29 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में दबाव रहा। निफ्टी बैंक के 12 में से 9 शेयरों में गिरावट रही। डॉलर के मुकाबले रुपए में भी आज कमजोरी देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया आज 19 पैसे कमजोर होकर 82.23 के स्तर पर बंद हुआ है।
20 अप्रैल को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान का कहना है कि वर्तमान में निफ्टी 200-डे एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) के पास कारोबार कर रहा है। मार्केट स्ट्रक्चर से इस बात की उम्मीद बन रही है की ऊपर की तरफ 17675 की बाधा के टूटने के बाद ही मौजूदा स्तरों से एक नई रैली की देखने को मिल सकती है। ऐसा होने पर निफ्टी 17800-17825 के स्तर को फिर से छू सकता है। वहीं, अगर निफ्टी 17675 के नीचे फिसलता है तो फिर ये गिरावट 17500-17475 तक जा सकती है।
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि वैश्विक स्तर पर रिस्क सेंटिमेंट बिगड़ने और संभावित मंदी को लेकर निवेशकों की बढ़ती चिंता के चलते पिछले तीन दिनों से निफ्टी में गिरावट आ रही है। इसके साथ ही इंफोसिस और टीसीएस के चौथी तिमाही की निराशाजनक नतीजों ने भी बाजार का सेंटीमेंट बिगाड़ दिया है। अब निफ्टी के लिए 17573 पर सपोर्ट और 17863 पर रजिस्टेंस नजर आ रहा है। आगे के कारोबारी सत्रों में निफ्टी के वोलेटाइल बने रहने की संभावना है। एक बार निफ्टी के 17863 का स्तर पार करने के बाद ही इसमें नई तेजी देखने को मिलेगी। फिलहाल निफ्टी हमें 17500-17750 के दायरे में घूमता दिख सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।