टेलीकॉम सेक्टर की दिग्गज कंपनी भारती ग्रुप (Bharti Group) और दिग्गज डिजिटल पेमेंट्स प्लेटफॉर्म पेटीएम (Paytm) के बीच किसी सौदे की संभावनाएं नहीं दिख रही है। पिछले हफ्ते एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि भारती ग्रुप पेटाएम में हिस्सेदारी खरीदने की योजना बना रहा है। हालांकि अब मनीकंट्रोल को सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि दोनों कंपनियों के बीच की बातचीत बंद हो चुकी है और फिलहाल किसी भी सौदे को लेकर बातचीत नहीं हो रही है।
क्या होने वाला था सौदा Paytm और Bharti Group में
न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग के मुताबिक भारती एंटरप्राजेज के फाउंडर सुनील मित्तल एयरटेल पेमेंट्स बैंक (Payments Bank) को पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payment Bank) के साथ विलय को लेकर बात कर रहे थे। यह सौदा एक स्टॉक्स डील के तहत होनी थी और इसमें भारती ग्रुप की योजना पेटीएम के शेयरों को बाकी शेयरहोल्डर्स से खरीदने की भी थी। इस सौदे को लेकर पेटीएम के सूत्रों ने कहा कि दोनों ही पेमेंट्स बैंक के कारोबारी मॉडल अलग-अलग हैं तो किसी रणनीतिक साझेदारी की संभावना नहीं दिख रही है। इसके अलावा सूत्रों ने कहा कि पेटीएम का मैनेजमेंट अपना कंट्रोल छोड़ना नहीं चाहता है।
12.9 करोड़ ग्राहक हैं एयरटेल पेमेंट्स बैंक के
एयरटेल पेमैंट्स बैंक की बात करें तो 6 साल पुरानी इस पेमेंट्स बैंक के 12.9 करोड़ ग्राहक हैं। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक यह पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में मुनाफे में आई है।