Tata Communications Q1 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी का मुनाफा 29% गिरा, शेयर 8% तक लुढ़का

Tata Communications Q1 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी Tata Communications का जून तिमाही का मुनाफा 29% गिर गया, जिसके बाद शेयर 8% तक टूट गया। हालांकि रेवेन्यू और EBITDA में बढ़ोतरी रही। कंपनी ने गिरावट की वजह एकमुश्त खर्च बताया और डबल डिजिट EBITDA ग्रोथ का लक्ष्य दोहराया। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Jul 22, 2026 पर 2:34 PM
Tata Communications का शेयर करीब 7.6% गिरकर ₹1,680 के इंट्राडे लो तक पहुंच गया।

Tata Communications Q1 Results: टाटा ग्रुप की टेलीकॉम और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी Tata Communications के जून तिमाही के नतीजों के बाद शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। बुधवार को कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 8% तक टूट गया। हालांकि बाद में इसमें कुछ रिकवरी भी आई।

मुनाफे पर पड़ा एकमुश्त खर्च का असर

अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा घटकर ₹134 करोड़ रह गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹190 करोड़ था। मुनाफे में गिरावट की सबसे बड़ी वजह एकमुश्त (Exceptional) नुकसान रहा।


इस तिमाही में कंपनी ने ₹106 करोड़ का एक्सेप्शनल लॉस दर्ज किया, जबकि पिछले साल यह ₹20 करोड़ था। इसमें ₹50 करोड़ का प्रावधान एक कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी देनदारी के लिए किया गया। वहीं, ₹30.1 करोड़ का प्रावधान एक थर्ड पार्टी डेटा सेंटर में लगी आग की घटना के कारण करना पड़ा।

रेवेन्यू और EBITDA में रही बढ़ोतरी

मुनाफा घटने के बावजूद Tata Communications का कारोबार बढ़ा है। जून तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 10.5% बढ़कर ₹6,582.8 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹5,959 करोड़ था।

EBITDA भी 8.2% बढ़कर ₹1,230.2 करोड़ रहा। हालांकि, EBITDA मार्जिन 19% से घटकर 18.7% रह गया। यानी मार्जिन में 30 बेसिस प्वाइंट की कमी आई।

सिंगापुर तक केबल नेटवर्क पर बड़ा निवेश

पिछले महीने Tata Communications ने भारत और सिंगापुर के बीच सब-सी केबल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 15.2 करोड़ डॉलर निवेश की घोषणा की थी। इसका मकसद AI हब्स के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और हाई-स्पीड डेटा नेटवर्क की बढ़ती मांग को पूरा करना है।

कंपनी चालू वित्त वर्ष में MIST केबल सिस्टम पर 6.3 करोड़ डॉलर निवेश करेगी, जो मुंबई और सिंगापुर को जोड़ेगा। वहीं, FY27 से FY31 के बीच Project CS के तहत चेन्नई और सिंगापुर के बीच नई सब-सी केबल बिछाने पर 8.9 करोड़ डॉलर खर्च किए जाएंगे। यह पूरा निवेश कंपनी अपने आंतरिक संसाधनों से करेगी।

कंपनी को आगे क्या उम्मीद?

Tata Communications के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO ने कहा है कि मौजूदा वित्त वर्ष में भी कंपनी डबल डिजिट EBITDA ग्रोथ हासिल करने के लक्ष्य पर कायम है। उनका कहना है कि बिजनेस की ग्रोथ मजबूत बनी हुई है और कंपनी अपने विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।

Tata Communications के शेयर का हाल

जून तिमाही के नतीजों के बाद बुधवार को कारोबार के दौरान Tata Communications का शेयर करीब 7.6% गिरकर ₹1,680 के इंट्राडे लो तक पहुंच गया। दोपहर 1:22 बजे यह करीब 7.2% की गिरावट के साथ ₹1,687.90 पर कारोबार कर रहा था।

पिछले एक महीने में शेयर करीब 17.9% टूट चुका है और इस साल अब तक इसमें 6.4% की गिरावट आई है। साथ ही, यह अपने 52 हफ्तों के उच्च स्तर से करीब 20% नीचे आ चुका है।

TVS Motor Share Price: जून तिमाही के नतीजों से टीवीएस मोटर का शेयर उछला, जेफरीज ने बढ़ाया टारगेट प्राइस

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।