कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स ने फ्रेट कॉमर्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (Freight Tiger) में लगभग 18 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी और खरीद ली है। इसे मौजूदा शेयरधारकों से सेकेंडरी खरीद के जरिए लगभग 95.66 करोड़ रुपये में हासिल किया गया। इसके चलते सोमवार, 18 मई को टाटा मोटर्स के शेयरों में उछाल आ सकता है। यह हिस्सेदारी लाइटस्पीड इंडिया पार्टनर्स I LLC, फ्लोरिनट्री इंफ्रा LLP और स्वप्निल शाह से खरीदी गई।
सौदे के पूरा होने के बाद Tata Motors के पास Freight Tiger में फुली डाइल्यूटेड बेसिस पर 63.6 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी होगी। इसके बाद फ्रेट टाइगर, टाटा मोटर्स की एक सब्सिडियरी के तौर पर काम करेगी।
टाटा मोटर्स ने शेयर बाजारों को बताया है कि यह ट्रांजेक्शन रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन के तहत आता है क्योंकि फ्रेट टाइगर पहले से टाटा मोटर्स की सहयोगी कंपनी के तौर पर काम कर रही है। इस सौदे के लिए किसी भी तरह की रेगुलेटरी मंजूरी की जरूरत नहीं है। यह हिस्सेदारी खरीद 15 मई, 2026 को कंप्लीट हो गई। सौदा नकद भुगतान के आधार पर किया गया।
क्या करती है Freight Tiger
Freight Tiger एक SaaS यानि कि सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस बेस्ड मार्केटप्लेस और टेक्नोलॉजी-बेस्ड लॉजिस्टिक्स व ट्रांसपोर्टेशन समाधान उपलब्ध कराने का काम करती है। यह कंपनियों के लिए क्लाउड-बेस्ड ट्रांसपोर्टेशन मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) और फ्लीट मालिकों व लॉजिस्टिक्स सेवा देने वालों के लिए एक मार्केटप्लेस प्लेटफॉर्म चलाती है।
फ्रेट टाइगर की शुरुआत साल 2014 में हुई थी। इसका मुख्यालय मुंबई में है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में ऑपरेशंस से 26.7 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। वित्त वर्ष 2023-24 में यह 17.8 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2022-23 में 18.9 करोड़ रुपये था।
Tata Motors का शेयर 3 महीनों में 22 प्रतिशत कमजोर
टाटा मोटर्स का शेयर शुक्रवार, 15 मई को BSE पर 378.15 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.39 लाख करोड़ रुपये है। शेयर 3 महीनों में 22 प्रतिशत गिरा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 42.56 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। टाटा मोटर्स 1 अक्टूबर 2025 से दो हिस्सों में बंट चुकी है। पैसेंजर व्हीकल बिजनेस अब टाटा मोटर्स PV के नाम से शेयर बाजार में लिस्ट है। वहीं कमर्शियल व्हीकल बिजनेस का नाम टाटा मोटर्स लिमिटेड है। कमर्शियल व्हीकल बिजनेस 12 नवंबर 2025 को BSE पर 330.25 रुपये और NSE पर 335 रुपये पर लिस्ट हुआ था। वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के शेयरों का कारोबार 14 अक्टूबर 2025 को ₹400 प्रति शेयर पर शुरू हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।