Tata Motors PV Share Price: टाटा ग्रुप की पैसेंजर वेईकल यूनिट टाटा मोटर्स पैसेंजर वेईकल्स के शेयरों में आज बिकवाली का भारी दबाव दिखा और यह 3% से अधिक टूट गया। इसकी वजह ये है कि टाटा मोटर्स पैसेंजर वेईकल्स की सब्सिडरी जगुआर लैंड रोवर (Jaguar Land Rover) की दिसंबर तिमाही में खुदरा और थोक बिक्री में तेज गिरावट आई। इसके चलते निवेशक धड़ाधड़ टाटा मोटर्स पीवी के शेयरों की बिकवाली करने लगे जिससे शेयर धड़ाम हो गए। बिकवाली का दबाव इतना तेज है कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए। आज बीएसई पर यह 1.23% की गिरावट के साथ ₹368.90 के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3.55% फिसलकर ₹360.25 तक आ गया था।
