Tata Power Q4 Results: टाटा की कंपनी को ₹996 करोड़ का मुनाफा, डिविडेंड का भी ऐलान

Tata Power Q4 Results: टाटा पावर का चौथी तिमाही मुनाफा 996 करोड़ रुपये रहा। थर्मल बिजनेस में कमजोरी और EBITDA मार्जिन घटने से दबाव दिखा, लेकिन रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार मजबूत रहा। कंपनी ने FY26 के लिए फाइनल डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड May 12, 2026 पर 8:42 PM
Story continues below Advertisement
टाटा पावर के बोर्ड ने FY26 के लिए 2.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है।

Tata Power Q4 Results: टाटा ग्रुप की टाटा पावर का चौथी तिमाही में प्रदर्शन दबाव में रहा है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 4.5 फीसदी गिरकर 996 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1043 करोड़ रुपये था।

थर्मल पावर जेनरेशन बिजनेस से कमाई में तेज गिरावट और EBITDA मार्जिन में कमजोरी का असर कंपनी के नतीजों पर देखने को मिला। हालांकि ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से कंपनी को स्थिर सपोर्ट मिलता रहा।

रेवेन्यू और EBITDA भी घटा


मार्च तिमाही में Tata Power की ऑपरेशनल इनकम 12.8 फीसदी घटकर 14,900 करोड़ रुपये रह गई। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी की आय 17,096 करोड़ रुपये थी।

वहीं EBITDA 20 फीसदी गिरकर 2599 करोड़ रुपये पर आ गया, जो एक साल पहले 3246 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन भी 19 फीसदी से घटकर 17.4 फीसदी रह गया।

पूरे साल में मुनाफा बढ़ा

टाटा पावर की चौथी तिमाही कमजोर रही, लेकिन पूरे FY26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 5118 करोड़ रुपये पहुंच गया। FY25 में यह 4775 करोड़ रुपये था।

वहीं पूरे साल की ऑपरेशनल इनकम घटकर 62,429 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष में 65,478 करोड़ रुपये थी।

रिन्यूएबल एनर्जी बड़ा सहारा

FY26 में Tata Power के लिए सबसे ज्यादा मुनाफा रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार से आया। इस डिवीजन का प्रॉफिट बढ़कर 4341 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि FY25 में यह 2881 करोड़ रुपये था।

वहीं ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से कंपनी को 4399 करोड़ रुपये का योगदान मिला।

Mundra प्लांट को लेकर क्या अपडेट

टाटा पावर ने बताया कि Mundra प्लांट को 3 जुलाई 2025 से तकनीकी ओवरहॉलिंग के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया था।

इसके बाद 23 मार्च 2026 को कंपनी ने Gujarat Urja Vikas Nigam Limited के साथ संशोधित टैरिफ के तहत सप्लीमेंट्री पावर परचेज एग्रीमेंट साइन किया। यह नया टैरिफ 1 अप्रैल 2025 से लागू माना जाएगा।

पावर मंत्रालय ने संशोधित शर्तों के तहत 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक प्लांट संचालन की अनुमति दे दी है। बाकी खरीदारों से मंजूरी की प्रक्रिया अभी जारी है।

डिविडेंड का ऐलान

टाटा पावर के बोर्ड ने FY26 के लिए 2.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 23 जून 2026 तय की गई है। हालांकि डिविडेंड को शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है।

नतीजों से पहले मंगलवार को Tata Power का शेयर 3.28 फीसदी गिरकर 419 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि इस साल अब तक शेयर में करीब 10 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

Dr Reddy's Q4 Results: दवा कंपनी का मुनाफा 86% गिरा, रेवेन्यू भी फिसला; जानिए क्या रही इसकी वजह

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।