Tata Power Shares: टाटा ग्रुप की पावर कंपनी टाटा पावर के शेयरों में आझ बिकवाली का काफी दबाव दिखा और दिन के आखिरी तक यह उबर नहीं पाया। ब्रोकरेज के मुताबिक इस गिरावट को निवेश के मौके के तौर पर देखना चाहिए क्योंकि मौजूदा लेवल से यह करीब 20 फीसदी ऊपर चढ़ सकता है। हालांकि ब्रोकरेज का रुझान मिला-जुला है जैसे कि एक ब्रोकरेज ने इसे फिर से रिड्यूस रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस मौजूदा लेवल से करीब 17 फीसदी डाउनसाइड है। आज इसके शेयर 2.93 फीसदी की गिरावट के साथ 417.65 रुपये पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में BSE पर यह 3.05 फीसदी की गिरावट के साथ 417.10 रुपये के भाव तक टूटा था।
Tata Power पर ब्रोकरेज का क्या है रुझान?
जून 2024 तिमाही में टाटा पावर को 1 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ जो ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज के 740 करोड़ रुपये के अनुमान से अधिक रहा। ब्रोकरेज के मुताबिक मूंदड़ा में ऑपरेशनल और फाइनेंशियल परफॉरमेंस में सुधार और टाटा प्रोजेक्ट्स में सुधार के चलते इसके मुनाफे को सपोर्ट मिला। जून तिमाही में कुछ ऑर्डर्स मिले लेकिन रिन्यूएबल एसेट के पाइपलाइन में कोई ग्रोथ नहीं दिखी और EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्यूरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) ऑर्डरबुक 13.2 हजार करोड़ रुपये पर स्थिर बनी रही। ब्रोकरेज का मानना है कि नियर टर्म में इसकी कमाई को सोलर मैनुफैक्चरिंग और सोलर रूफटॉप से सपोर्ट मिलेगा। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज ने इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है और टारगेट प्राइस 500 रुपये पर फिक्स किया है।
एक और ब्रोकरेज नुवामा का मानना है कि टाटा पावर ने वित्त वर्ष 2023 के मुनाफे को दोगुना करने का जो लक्ष्य रखा है. वह वित्त वर्ष 2027-28 तक हासिल हो सकता है। इसे 15 गीगावॉट के रिन्यूएबल एनर्जी के पूरा होने और 4.3 गीगावॉट के कैप्टिव सोलर मैनुफैक्चरिंग प्लांट को बढ़ावा देने से सपोर्ट मिलेगा। ब्रोकरेज का मानना है कि जब ये प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे, तभी बेहतर प्रॉफिट ग्रोथ दिखेगा। अभी के लिए ब्रोकरेज का वैल्यूएशन महंगा लग रहा है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे फिर से रिड्यूस रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 346 रुपये पर फिक्स किया है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
टाटा पावर के शेयर पिछले साल 16 अगस्त 2023 को 228.10 रुपये पर थे। यह इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से एक साल से भी कम समय में यह 106 फीसदी से अधिक उछलकर इस महीने की शुरुआत में 2 अगस्त 2024 को 470.85 रुपये के भाव पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस रिकॉर्ड हाई से फिलहाल यह करीब 11 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।