Stock Market News: पिछले कुछ दिनों से घरेलू स्टॉक मार्केट में भारी उतार-चढ़ाव है। हालांकि इस बीच एक स्मॉलकैप स्टॉक ने महज तीन दिन में 42 फीसदी का रिटर्न देकर निवेशकों को मालामाल कर दिया। वहीं थोड़ा और लॉन्ग चलें तो 5 महीने से भी कम समय में इसने निवेशकों के पैसों का ढाई गुना से अधिक कर दिया। आज की बात करें तो इंट्रा-डे में यह करीब 17 फीसदी उछलकर यह छह साल के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। यहां बात हो रही है एयर कूलर कंपनी सिंफनी की। सिंफनी के बोर्ड ने 6 अगस्त को बायबैक का ऐलान किया जिसके बात से जैसे शेयरों में आग लग गई।
आज इंट्रा-डे में यह 16.71 फीसदी उछलकर 1747.65 रुपये पर पहुंच गया जो मई 2018 के बाद का रिकॉर्ड हाई है। दिन के आखिरी में BSE पर यह 10.70 फीसदी की बढ़त के साथ 1657.65 रुपये (Symphony Share Price) पर बंद हुआ है। 20 मार्च 2024 को यह एक साल के निचले स्तर 820.10 रुपये पर था।
किस भाव पर होगा Symphony के शेयरों का बायबैक
सिंफनी के बोर्ड ने 6 अगस्त को 2,85,600 शेयरों के बायबैक को मंजूरी दी जो कंपनी की 0.41 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी के बराबर है। यह बायबैक टेंडर ऑफर रूट के जरिए होगा। इसके लिए प्रति शेयर 2500 रुपये का भाव फिक्स किया गया है। यह बायबैक करीब 71.40 करोड़ रुपये का होगा।
कैसी है सिंफनी की कारोबारी सेहत
सिंफनी एक मल्टीनेशनल कंपनी है जिसकी मौजूदगी 60 से अधिक देशों में है। यह दुनिया की सबसे बड़ी एयर कूलर कंपनी है। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही इसके लिए काफी शानदार रही। जून 2024 में कंपनी को रिकॉर्ड मुनाफा हासिल हुआ। सालाना आधार पर इसका मुनाफा करीब चार गुना उछलकर 24 करोड़ रुपये से 88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान ऑपरेशनल रेवेन्यू भी 76 फीसदी उछलकर 531 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। EBITDA की बात करें तो यह 11.70 फीसदी सुधरकर 21 फीसदी पर पहुंच गया। इसके EBITDA मार्जिन को मैक्सिको और चीन के मजबूत कारोबार से सपोर्ट मिला।