TCS Q4 Results: टाटा ग्रुप की आईटी दिग्गज Tata Consultancy Services (TCS) ने चौथी तिमाही (Q4 FY26) में मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी के नतीजे बताते हैं कि ग्लोबल दबाव के बावजूद बिजनेस में ग्रोथ बनी हुई है। AI और बड़े डील्स इसके बड़े ड्राइवर बन रहे हैं।
TCS के इतिहास में पहली बार पूरे वित्त वर्ष में अमेरिकी डॉलर के लिहाज से रेवेन्यू 0.5% घट गया। यह गिरावट इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि FY25 में 3.8% और FY24 में 4.1% की ग्रोथ रही थी। यहां तक कि कोविड वाले मुश्किल साल (FY21) में भी 0.6% की बढ़त दर्ज हुई थी।
वहीं पिछले कुछ सालों में डॉलर रेवेन्यू ग्रोथ लगातार सिंगल डिजिट में ही सीमित रही है। इससे साफ है कि कंपनी की ग्लोबल ग्रोथ रफ्तार सुस्त पड़ी है, भले ही तिमाही में रुपये के लिहाज से रेवेन्यू 30 तिमाहियों में सबसे तेज बढ़ा। कॉन्स्टेंट करेंसी ग्रोथ 1.2% रही, जो अनुमान से बेहतर है।
डील्स और क्लाइंट्स में मजबूती
TCS का FY26 में कुल TCV 40.7 अरब डॉलर रहा, जबकि Q4 में यह 12 अरब डॉलर रहा। यह कंपनी के मजबूत डील प्रदर्शन को दिखाता है। तिमाही में 3 मेगा डील्स और पूरे साल में 5 मेगा डील्स हासिल हुए। कंपनी के 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा वैल्यू वाले क्लाइंट्स की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। 50 मिलियन डॉलर से ज्यादा कैटेगरी में 9 नए क्लाइंट जुड़े हैं।
AI बिजनेस बना बड़ा ग्रोथ ड्राइवर
TCS का सालाना AI रेवेन्यू बढ़कर 2.3 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है। TCS ने AI सेक्टर की बड़ी कंपनियों जैसे OpenAI, AMD, NVIDIA और Google (Gemini) के साथ साझेदारी की है। इससे आने वाले समय में ग्रोथ के नए मौके बन रहे हैं।
आईटी सेक्टर में अनिश्चितता के बीच TCS ने Q4 में 2,356 कर्मचारियों की शुद्ध बढ़ोतरी की है। कंपनी ने सभी ग्रेड्स में सैलरी बढ़ाने का ऐलान भी किया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुका है। हालांकि एट्रिशन रेट हल्का बढ़कर 13.7% हो गया है, जो कर्मचारियों की आवाजाही को दिखाता है।
TCS ने Q4 FY26 के लिए 31 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है, जो AGM के बाद दिया जाएगा। पूरे वित्त वर्ष FY26 के लिए कुल डिविडेंड 110 रुपये प्रति शेयर हो गया है। कंपनी ने साल भर में 39,571 करोड़ रुपये शेयरधारकों को लौटाए हैं, जो निवेशकों के लिए मजबूत रिटर्न को दिखाता है।