TCS Share Price: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने 4,500 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 4 करोड़ शेयरों को वापस खरीदने यानी शेयर बायबैक करने का फैसला किया है। कंपनी इस शेयर बायबैक पर कुल 18,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। TCS शेयर बायबैक में हिस्सा लेने के लिए एलिजबल इक्विटी शेयरधारकों के नामों को तय करने के लिए कंपनी ने 23 फरवरी, 2022 को रिकॉर्ड डेट के रूप में तय किया है।
GCL सिक्योरिटीज के वाइस-चेयरमैन रवि सिंघल ने बताया, "रूस में चल रहे यूक्रेन संकट के कारण डॉलर इंडेक्स में तेजी से गिरावट आने की उम्मीद है। इसलिए, एक्सपोर्ट पर जोर देने वाली आईटी कंपनियों को रूस-यूक्रेन संकट से लाभ होने वाला है। चूंकि TCS एक बड़ी आईटी एक्सपोर्टर कंपनी है, इसलिए हाल के घटनाक्रमों से इसे बहुत लाभ होने वाला है। इस समय शेयर बायबैक की घोषणा से TCS के शेयरों की मांग और बढ़ेगी। इसलिए इस आईटी स्टॉक के अगले एक महीने में 4200 रुपये के स्तर तक पहुंचने की उम्मीद की जा सकती है।"
TCS के शेयरों में पिछले कुछ समय में गिरावट आई है। हालांकि फिर भी कई एक्सपर्ट इसे भारतीय आईटी सेक्टर में लंबी अवधि के इरादे से एक बेहतर दांव मान रहे हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस स्टॉक में न केवल एक बड़ा डील देखने को मिलने वाली है, बल्कि एक लॉर्ज-कैप स्टॉक के तौर पर यह अपेक्षाकृत कम वैल्यूएशन वाला और आईटी सेक्टर में एक सुरक्षित दांव है।
सेबी के साथ इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स के तौर पर रजिस्टर्ड फर्म, राइट रिसर्च की फाउंडर सोनम श्रीवास्तव ने बताया, "कंपनी बाजार की तुलना में 20% अधिक कीमत पर शेयरों को वापस खरीद रही है और और हम इसमें 50-70 एक्सेप्टेंस रेशियो की उम्मीद कर सकते हैं। बायबैक प्राइस का अधिक होना और लंबी-अवधि के लिहाज से ग्रोथ की शानदार संभावनाएं, टीसीएस बायबैक को निवेशकों के लिए एक लाभ का अवसर बनाते हैं।"
शेयर बायबैक की रिकॉर्ड डेट से पहले पिछले पांच कारोबारी सत्रों में इस आईटी स्टॉक में करीब 6% फीसदी की गिरावट आई है।
सेबी के साथ पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज के तौर पर रजिस्टर्ड फर्म ग्रीन पोर्टफोलियो के को-फाउंडर, दिवम शर्मा ने बताया, "बायबैक ऑफर लंबी-अवधि के मौजूदा शेयरधारकों के लिए मुनाफा का एक और अवसर है। वह अपने शेयर को टेंडर ऑफर के जरिए बायबैक के लिए पेश कर सकते हैं। बायबैक में छोटे शेयरहोल्डरों के लिए 15 फीसदी हिस्सा रिजर्व है। ऐसे में उनके शेयरों के इस बायबैक के लिए स्वीकार होने के चांस काफी ज्यादा है।"
उन्होंने बताया, "टीसीएस के शेयरों में हाल में गिरावट देखी गई है, जो कंपनी में निवेश के लिए एक अच्छा अवसर है। हमारा मानना है कि ब्लॉकचेन, क्लाउड, डिजिटलीकरण, एनालिटिक्स, साइबर सुरक्षा, ऑटोमेशन को ग्राहकों से बड़े बजट आवंटन प्राप्त होंगे और अगले कुछ वर्षों में टीसीएस जैसी बड़ी कंपनियों को लाभ होगा।"
टीसीएस के शेयर मंगलवार 22 फरवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे एनएसई पर 3.35 फीसदी की गिरावट के साथ 3,594.85 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इंट्राडे के दौरान यह एक समय 3,570 रुपये के भाव तक चले गए थे। पिछले 5 दिनों में इस शेयर में 5.90 फीसदी की गिरावट आई है।