Tech Mahindra Q4 Results: टेक महिंद्रा ने 22 अप्रैल को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी का मुनाफा इस दौरान तिमाही दर तिमाही आधार पर 20.7 फीसदी बढ़कर 1,353.8 करोड़ रुपये रहा। सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में एनालिस्ट्स ने मार्च तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 34 फीसदी बढ़कर 1,504 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। मार्च तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू तिमाही दर तिमाही आधार पर 4.7 फीसदी बढ़कर 15,076.1 करोड़ रुपये रहा। यह पोल में एनालिस्ट्स के 14,804 करोड़ रुपये के अनुमान से ज्यादा है।
टैक्स बाद प्रॉफिट 16 फीसदी बढ़ा
मार्च तिमाही में इंटरेस्ट और टैक्स से पहले अर्निंग्स (EBIT) 2,084 करोड़ रुपये रही। यह तिमाही दर तिमाही आधार पर 10.2 फीसदी और साल दर साल आधार पर 48.3 फीसदी ज्यादा है। EBIT मार्जिन बढ़कर 13.8 फीसदी हो गया। टैक्स बाद प्रॉफिट (PAT) साल दर साल आधार पर 16 फीसदी बढ़ा, जबकि अर्निंग्स प्रति शेयर 15.24 रुपये रहा।
36 रुपये फाइनल डिविडेंड का ऐलान
Tech Mahindra ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए प्रति शेयर 36 रुपये फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। इससे पिछले पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का डिविडेंड बढ़कर प्रति शेयर 51 रुपये हो गया है। कंपनी ने मार्च तिमाही में 1 अरब डॉलर से ज्यादा की डील हासिल की। कंपनी ने कहा है कि उसने टेलीकॉम, बैंकिंग, मैन्युफैक्चरिंग और एनर्ीज वर्टिकल्स में कई बड़ी डील हासिल की।
कंपनी के एंप्लॉयीज की संख्या 1,47,623
कंपनी के मैनेजमेंट ने AI-आधारित ऑपरेटिंग मॉडल की तरफ बढ़ने का संकेत दिया है। कंपनी सर्विस लाइंस और डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स में एआई का इस्तेमाल बढ़ा रही है। कंपनी ने कहा है कि वह ऑटोमेशन आधारित एफिशियंसी बढ़ा रही है और ज्यादा मार्जिन वाले ऑपरिंग्स को सपोर्ट कर रही है। मार्च तिमाही के अंत में कंपनी में एंप्लॉयीज की कुल संख्या 1,47,623 रही। एंप्लॉयीज के नौकरी छोड़ने का रेट 12.1 फीसदी बना रहा।
नतीजों के बाद शेयरों में दिखी रिकवरी
टेक महिंद्रा के नतीजों के बाद उसके शेयरों में रिकवरी आई। कंपनी का शेयर एक समय 6 फीसदी तक गिर गया था। नतीजों के बाद गिरावट कम हो गई। 3:10 बजे शेयर 2.6 फीसदी गिरकर 1,462 रुपये पर चल रहा था। इस साल यह शेयर 9 फीसदी से ज्यादा गिरा है। इसके मुकाबले निफ्टी आईटी इंडेक्स में 19.50 फीसदी की गिरावट आई है।