1 अप्रैल से नए वित्त वर्ष की शुरुआत हो गई है। वित्त वर्ष के पहले दिन कल बाजार नए शिखर पर पहुंच गया था। लेकिन आज लगातार चार दिनों की तेजी के बाद बाजार में सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। निफ्टी और बैंक निफ्टी दोनों फ्लैट दिख रहे हैं। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर आज आउटपरफॉर्म कर रहे हैं। ऐसे में आइए बाजार के बारे में जानते हैं First Global की चेयरपर्सन और MD देविना मेहरा की राय जिनको इन्वेस्टमेंट में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है। देविना निवेश और रिसर्च की दुनिया में बड़ा नाम हैं। इन्होंने 90 के दशक में सिक्योरिटीज और रिसर्च फर्म की शुरुआत की। US, यूरोपीय और एशियाई शेयर मार्केट की इनको अच्छी समझ है। इन्होंने HDFC BK, Amazon, Apple जैसे शेयरों पर सबसे पहले भरोसा जताया था।
इक्विटी में निवेशित रहना ही बेहतर है
बाजार पर बात करते हुए देविना ने कहा कि इक्विटी में निवेशित रहना ही बेहतर है। बाजार में किसी बड़ी गिरावट की आशंका नहीं है। 2003-07 के बीच बाजार 6 गुना हो गया था। एक्सचेंज से जुड़े शेयर पहले खास नहीं चले थे। मार्केट में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। एक-दो महीने में बाजार में करेक्शन संभव है। मध्यम और लंबी अवधि के लिए बाजार बेहतर है। छोटी अवधि में बाजार को लेकर सतर्क नजरिया अपनाने की जरूरत है। स्मॉल और माइक्रोकैप को लेकर सतर्क नजरिया रखें।
प्राइवेट बैंक निवेश के नजरिए से कमजोर, PSU बैंक अभी भी अच्छे
इंडस्ट्रियल सेक्टर में मजबूती कायम है। आगे इसमें सीमित तेजी संभव है। देविना का मानना है कि टेक शेयरों में आगे और गिरावट की आशंका नहीं है। प्राइवेट बैंक निवेश के नजरिए से कमजोर नजर आ रहे हैं। PSU बैंक अभी भी अच्छे नजर आ रहे हैं। FMCG सेक्टर स्टेबल रह सकता है। देविना ने कहा कि उनको पेंट और कंज्यूमर ड्यूरेबल स्पेस पसंद नहीं है। इकोनॉमी में कंजम्प्शन ग्रोथ अच्छे नहीं हैं। इंडस्ट्रियल मेटल में फिलहाल निवेश के सिग्नल नहीं हैं।
रियल्टी सेक्टर से फिलहाल दूर, कंस्ट्रक्शन पर ओवरवेट
देविना ने बताया कि वे रियल्टी सेक्टर से फिलहाल दूर है लेकिन कंस्ट्रक्शन पर ओवरवेट हैं। बैंक और NBFC में भी खास एक्सपोजर नहीं हैं। ऑटो और ऑटो एंसिलियरी पर देविना का ओवरवेट नजरिया है। देविना मेहरा ने बताया कि वे इंडस्ट्रियल, फार्मा, ऑटो और कंस्ट्रक्शन सेक्टर पर ओवरवेट हैं।
ग्लोबल मार्केट पर देविना मेहरा
देविना ने कहा कि ग्लोबल मार्केट स्टेबल दिख रहे हैं। US में स्मॉल और मिडकैप स्टॉक आउटपरफॉर्म कर रहे हैं। मेगा कैप का सेटअप अच्छा नहीं लग रहा है। जापान के बाजार आउटपरफॉर्म कर रहे हैं। चीन के बाजार अच्छे नहीं लग रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।