हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस के प्रीमियम पर GST पूरी तरह से माफ होने के आसार कम लग रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इस मुद्दे पर गठित ग्रुप ऑफ मिनिस्टर 5 फीसदी GST की सिफारिश कर सकती है। इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज संवाददाता आलोक प्रियदर्शी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम पर GST पूरी तरह से हटने की उम्मीद नहीं है। ग्रुप ऑफ मिनिस्टर में 5 फीसदी GST पर सहमति बन सकती है।
सूत्रों के मुताबिक IRDAI की रिपोर्ट के बाद ग्रुप ऑफ मिनिस्टर इस मु्ददे पर फिर से विचार कर रहा है। इंश्योरेंस कंपनियां 12 फीसदी GST की मांग कर रहीं हैं। GST माफ होने पर कंपनियों ने प्रीमियम बढ़ने की आशंका जताई थी। हेल्थ और टर्म इंश्योरेंस पर जीरो GST से सरकार को 3500 करोड़ रुपए का सालाना नुकसान संभव है। GoM की अगली बैठक अप्रैल में होगी। वहीं GST कौंसिल की बैठक मई में संभव है।
बता दें कि GoM की पहली रिपोर्ट में सीनियर सिटीजन और 5 लाख तक कवर वाले हेल्थ इंश्योरेंस पर GST नहीं लगाने की सिफारिश की गई थी। लाइफ और टर्म इंश्योरेंस के प्रीमियम पर भी GST माफ करने की सिफारिश की गई थी। हालांकि इंश्योरेंस कंपनियां इनपुट टैक्स क्रेडिट के साथ 12 फीसदी GST की मांग कर रही हैं।
इस खबर के बीच आज इंश्योरेंस कंपनी के शेयरों में एक्शन देखने को मिल रहा है। एसबीआई लाइफ,एचडीएफसी लाइफ,आईसीआईसीआई लोम्बार्ड, आईसीआईसीआई प्रू, एलआईसीस, आदित्य बिड़ला सन लाइफस और मैक्स लाइफ के शेयरों में एक्शन देखने को मिल रहा है। SBI LIFE 30.95 रुपए यानी 2.00 फीसदी की बढ़त के साथ 1578.75 रुपए के स्तर पर दिख रहा है। आज का इसका दिन का हाई 1,584 रुपए है। HDFC LIFE भी 3.00 रुपए यानी 0.44 फीसदी की बढ़त के साथ 682.30 रुपए के आसपास दिख रहा है।
ICICI Lombard 48.65 रुपए यानी 2.82 फीसदी की बढ़त के साथ 1771.50 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। ICICI PRU भी 15.85 रुपए यानी 2.73 फीसदी की तेजी के साथ 597.25 रुपए के स्तर पर दिख रहा है। LIC 15.20 रुपए यानी 1.92 फीसदी की बढ़त के साथ 806 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है।