Defence Stocks : ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिए जाने के एक साल बाद,भारतीय सेना ने आज गुरुवार को इस अवसर पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में मिशन की सफलता की सराहना की गई है और देश के इस रुख को दोहराया गया है कि आतंकवाद का समर्थन करने वाले किसी भी व्यक्ति का पता लगाकर उसके साथ निर्णायक रूप से निपटा जाएगा। बता दें कि 6-7 मई, 2025 की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान-प्रशासित कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर भारत का सैन्य हमला हुआ था जिसे 'ऑपरेशन सिंदूर'नाम दिया गया था।
ऑपरेशन सिंदूर का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है इसका सबसे ज्यादा असर डिफेंस शेयरों पर रहा है। आउटलुक बिजनेस के मुताबिक पहलगाम हमले के बाद हुए'ऑपरेशन सिंदूर'के बाद बीते एक साल में भारत के डिफेंस स्टॉक्स में 37 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। जिससे इनके मार्केट कैप में 2.9 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
ऑपरेशन सिंदूर के अलावा तीन दूसरे फैक्टर्स ने 2025 में डिफेंस शेयरों को सपोर्ट दिया। ये हैं इंडिया-यूएस डिफेंस फ्रेमवर्क एग्रीमेंट,सैन्य साजो-सामान और कल-पुर्जों के सह-उत्पादन पर भारत-रूस समझौता और डिफेंस एक्विजीशन काउंसिल की तरफ से दिए गए बड़े-बड़े ऑर्डर।
MTAR Tech ने दिया मल्टीबैगर रिटर्न
ऑपरेशन सिंदूर'के बाद डिफेंस सेक्टर में सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाली कंपनी MTAR Technologies रही है। यह एक प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी है जो एयरोस्पेस,डिफेंस,न्यूक्लियर और क्लीन एनर्जी सेक्टर को अपनी सेवाएं देती है। 'ऑपरेशन सिंदूर'के बाद के एक साल में इस स्टॉक ने 337.76 फीसदी रिटर्न दिया है ,जो डिफेंस से जुड़े दूसरे शेयरों की तुलना में सबसे ज्यादा है।
MTAR का 52-हफ्ते का सबसे निचला स्तर (1,350.25 रुपये ) 7 मई, 2025 को 'ऑपरेशन सिंदूर' वाले दिन ही बना था। उसके बाद इस स्टॉक ने 5,078 रुपये का रिकॉर्ड हाई छुआ। 2026 में ही जनवरी से अब तक ये शेयर 173.76 फीसदी भाग चुका है, जबकि इसी दौरान Nifty 50 में लगभग 7.5 फीसदी की गिरावट आई है।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में MTAR की आय सालाना आधार पर 60 फीसदी बढ़कर 280.3 करोड़ रुपये पर रही जबकि नेट प्रॉफ़िट साल-दर-साल 100 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 34.6 करोड़ रुपये रही। कंपनी का ऑर्डर बुक 2,395 करोड़ रुपये से ज्यादा की है।
MTAR ने अपने डिफेंस और एयरोस्पेस कारोबार को मजबूती देने के लिए US-स्थित Bloom Energy के साथ साझेदारी बढ़ाई है। यह साझेदारी AI डेटा-सेंटर फ़्यूल सेल के लिए की गई है। इसका मार्केट सेंटीमेंट पर अच्छा असर पड़ा है। इसके चलते हाल के दिनों में इस शेयर में जोरादार तेजी देखने को मिली है। Motilal Oswal के अनुसार,2.8 GW के लिए Bloom-Oracle के बीच हुए समझौते से MTAR को 1,400-1,700 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर मिल सकते हैं।
निवेशकों को लग रहा है कि कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर सप्लाई चेन की एक बड़ी प्लेयर बन सकती है। जिससे बेहतर वैल्यूएशन और ऑर्डर मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती है।
स्टॉक पर एक्सपर्ट्स की राय
बोनान्जा के रिसर्च एनालिस्ट बालाजी राव मुडिली ने कहा कि स्टॉक को मजबूत अर्निंग और ऑर्डर बुक में आई जबरदस्त उछाल से सहारा मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि MTAR का AI डेटा सेंटर्स के लिए फ़्यूल सेल सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली कंपनी Bloom Energy के साथ करार इस सेगमेंट में कंपनी की स्थिति को और भी मज़बूत करेगा।
हालांकि,उन्होंने यह भी कहा कि यह स्टॉक अभी महंगे वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा है। बाजार ने सभी सेगमेंट्स के मज़बूत परफॉर्मेंस को पहले ही पचा लिया है। अब अगर कंपनी के परफॉर्मेंस में किसी भी तरह की कमजोरी देखने को मिलती तो स्टॉक में गिरावट आ सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।