31 दिसंबर 2021 को समाप्त तीसरी तिमाही में डिजिटल गेमिंग और स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म Nazara Technologies के मुनाफे में सालाना आधार पर 17 फीसदी की गिरावट देखने को मिली और यह पिछले साल की इसी अवधि की 17.9 करोड़ रुपये से घटकर 14.8 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि तीसरी तिमाही में कंपनी के आय में सालाना आधार पर 42 फीसदी की बढ़ोतरी दिखी और यह 130 करोड़ रुपये से बढ़कर 185.5 करोड़ रुपये पर रहा है।
इसी अवधि में कंपनी की एबिटडा मार्जिन e-sports में अच्छे मुनाफे के चलते सुधार देखने को मिला और यह 16.3 फीसदी पर रहा। ब्रोकरेज हाउस Dolat Capital का कहना है कि नजारा टेक्नोलॉजी में इस समय खरीद के अच्छे मौके नजर आ रहे है। भारत में ऑनलाइन गेमिंग के कारोबार में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते इस शेयर में आगे तेजी देखने को मिल सकती है। Dolat Capital ने इस स्टॉक पर Buy रेटिंग बनाए रखते हुए इसके लिए 2600 रुपये का लक्ष्य दिया है।
इसी तरह एक और ब्रोकरेज हाउस प्रभुदास लीलाधर ने इस स्टॉक में Buy ऱेटिंग बनाए रखते हुए इसके लिए 2,544 रुपये का लक्ष्य दिया है। प्रभुदास लीलाधर का मानान है कि वित्त वर्ष 2022-24 की अवधि में कंपनी के आय और एबिटडा में सालाना आधार पर 32 फीसदी और 28 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि नियर टर्म की चुनौतियों के बावजूद लंबी अवधि के लिए स्टॉक का आउटलुक काफी बेहतर नजर आ रहा है।
गौरतलब है कि पिछले 5 कारोबारी दिनों में Nazara Technologies के शेयरों में करीब 7 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है । वहीं पिछले 1 महीने में यह शेयर 23 फीसदी टूटा है। बीएसई पर उपलब्ध शेयर होल्डिंग पैटर्न के मुताबिक 31 दिसंबर 2021 को समाप्त तिमाही में Nazara Technologies में राकेश झुनझुनवाला की हिस्सेदारी 10.10 फीसदी थी।