Top 5 Weekly Stocks: पिछले कारोबारी हफ्ते बुधवार को छोड़कर घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स में तेजी रही और शुक्रवार को यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचकर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) दोनों ही पिछले हफ्ते 1 फीसदी से अधिक उछलकर बंद हुए। सेंसेक्स पहली बार 66 हजार के पार 66,060.90 पर और निफ्टी 19500 के पार 19,564.50 पर बंद हुआ। बाजार की तेजी के बीच मार्केट कैप के हिसाब से टॉप-10 कंपनियों की पूंजी 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई।
अब अगर इस हफ्ते के लिए इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता ने पांच शेयर सुझाए हैं। इसमें विप्रो (Wipro), वेलस्पन (Wellspun), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), सेल (SAIL) और आरबीएल बैंक (RBL Bank) हैं जिनमें पैसे लगाकर 18% मुनाफा हासिल कर सकते हैं।
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो के शेयर पिछले हफ्ते 2 फीसदी से अधिक मजबूत हुए और यह शुक्रवार 14 जुलाई को बीएसई पर 1 जून के बाद के सबसे ऊंचे स्तर 404.95 पर बंद हुआ। चार्ट पर इसने हायर टॉप हायर बॉटम बनाया है और इसमें बुलिश रुझान दिख रहा है। इसके शेयर मौजूदा लेवल से 11 फीसदी ऊपर यानी 450 रुपये पर पहुंच सकते हैं। हालांकि इसमें पैसे लगाने के लिए 374 रुपये पर स्टॉप लॉस जरूर लगाएं।
वेलस्पन इंडिया ने चार्ट पर हायर टॉप हायर बॉटम बनाया है। इसने मजबूत तरीके से ब्रेकआउट किया है और वॉल्यूम एक्टिविटी भी बेहतर दिख रही है। इसके चलते इसमें आगे अच्छी तेजी के संकेत मिल रहे हैं। इसके शेयर मौजूदा लेवल करीब 17 फीसदी ऊपर 120 रुपये पर पहुंच सकते हैं। शुक्रवार को बीएसई पर यह 102.94 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि इसमें निवेश के लिए 90 रुपये का स्टॉप लॉस जरूर लगाएं।
निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने चार्ट पर वी पैटर्न ब्रेकआउट किया है और चार्ट पर रुझान बुलिश रुझान दिख रहा है। वॉल्यूम एक्टिविटी भी मजबूत दिख रही है। ऐसे में इसमें 928 रुपये के स्टॉप लॉस पर 1020 रुपये के टारगेट पर पैसे लगा सकते हैं जो मौजूदा लेवल से करीब 6 फीसदी अपसाइड है। इसके शेयर बीएसई पर शुक्रवार को 961.60 रुपये पर बंद हुए थे।
पीएसयू कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के शेयर पिछले कारोबारी हफ्ते शुक्रवार को बीएसई पर 91.24 रुपये पर बंद हुए थे। इस लेवल से अभी 15 फीसदी ऊपर चढ़ सकता है। चार्ट पर ब्रेकआउट, बुलिश एनगल्फिंग पैटर्न और मजबूत वॉल्यूम एक्टिविटी के चलते इसमें आगे तेजी के संकेत मिल रहे हैं। इसमें 84 रुपये का स्टॉप लॉस लगाकर 105 रुपये के टारगेट पर पैसे लगाते हैं।
लगातार तीन हफ्ते इसके शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इसके अलावा मजबूत वॉल्यूम एक्टिविटी, बुलिश कैंडलस्टिक पैटर्न, हायर टॉप हायर बॉटम और बुलिश चार्ट स्ट्रक्चर के चलते इसमें आगे भी अच्छी तेजी के आसार दिख रहे हैं। मौजूदा लेवल से यह 18 फीसदी से अधिक ऊपर चढ़ सकता हैं। इसमें 188 रुपये पर स्टॉप लॉस लगाकर 250 रुपये के टारगेट पर पैसे लगा सकते हैं। शुक्रवार को बीएसई पर यह 211.50 रुपये पर बंद हुआ था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।