13 आमतौर पर अशुभ अंक माना जाता है। हालांकि, निफ्टी के मामले में ऐसा नहीं लगता। इस इंडेक्स ने लगातार 13 कारोबारी सत्रों में बढ़त बनाई है। इससे पहले कभी सूचकांक में इस तरह का ट्रेंड नहीं दिखा था। 13 दिनों की इस अवधि में निफ्टी ने 1,100 अंकों की बढ़त हासिल की है। निफ्टी अब 25,000 से ऊपर है। इस सूचकांक ने 2 सितंबर को 25,300 के आंकड़े को छू लिया।
बहरहाल, मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि निफ्टी में किसी भी तरह का संभावित करेक्शन उतना तेज नहीं रहेगा, जितना कोविड-19 के दौर में देखने को मिला था। कोटक महिंद्रा AMC के नीलेश शाह ने पिछले हफ्ते सीएनबीसी टीवी-18 से बातचीत में कुछ ऐसी ही राय जाहिर की थी। 3 सितंबर के कारोबारी सत्र में निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स की साप्ताहिक एक्सपायरी भी है, जिससे निफ्टी बैंक (Nifty Bank) पर फोकस बना रहेगा।
हालांकि, पिछले कुछ दिनों से कुछ खास स्टॉक में बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है, मसलन वोडाफोन, इंडस टावर्स आदि। 2 सितंबर के कारोबारी सत्र में फॉरेन और डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशन नेट बायर्स रहे। ब्रोकरेज फर्म एंजेल के ओशो कृष्णन का मानना है कि निफ्टी की तेजी का सिलसिला आकर्षक जान पड़ता है, लेकिन ट्रेडिंग रेंज और ताकत के हिसाब से बाजार थका हुआ जान पड़ता है। लिहाजा, उन्होंने सूचकांकों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
शेयर बाजार में 3 सितंबर के कारोबारी सत्र में जिन कंपनियों के शेयरो में हलचल देखने को मिल सकती है, उनमें वेदांता, मेडि असिस्ट हेल्थकेयर, ICICI बैंक, Matrimony.com, हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स, IEX,NMDC, लेमन ट्री होटल्स, RITES, वेल्सपन कॉर्प आदि शामिल हैं।