Trade setup: दो दिनों के कंसोलीडेशन और करेक्शन के बाद, बाजार कल भी लगभग रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। लेकिन कारोबारी सत्र के बाद के हिस्से में मुनाफावसूली के चलते बाजार अपनी बढ़त को बरकरार नहीं रख सका। 11 जुलाई को पूरे कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स 19400 के स्तर से ऊपर बना रहा। ये लेवल बाजार के लिए काफी अहम हो गया है। कल के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 274 अंक बढ़कर 65618 पर बंद हुआ था। जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 83.5 अंक उछलकर 19439 पर पहुंच गया था। निफ्टी ने डेली चार्ट पर लॉन्ग अपर शैडो के साथ एक छोटा बुलिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया था। ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, तेल-गैस और चुनिंदा टेक शेयरों ने बाजार को सपोर्ट किया था। कल के कारोबार में ब्रॉडर मार्केट ने बेंचमार्क से बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 सूचकांकों में 0.88 फीसदी और 1.26 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
