Adani Group Shares: अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी (Gautam Adani) की अगुआई वाले अदाणी ग्रुप के अधिकतर शेयरों में मंगलवार 11 जुलाई को तेजी देखी गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर ग्रुप की 10 में से 7 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 3 शेयरों में मामूली गिरावट देखने को मिली। सबसे अधिक तेजी अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयरों में देखने को मिली, जो बीएसई पर 1.44 फीसदी की तेजी के साथ 730.15 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके बाद सबसे अधिक तेजी अदाणी पावर (Adani Power) के शेयरों में रही, जो 0.85 फीसदी बढ़कर 244.10 रुपये के भाव पर बंद हुए।
ग्रुप के बाकी शेयरों में, अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) का शेयर 0.62 फीसदी बढ़कर 965.05 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Trasmission) के शेयर 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 753.65 रुपये के स्तर पर बंद हुए। जबकि ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprieses) के शेयरों में 0.48 फीसदी की तेजी रही और यह 2,421.80 रुपये पर बंद हुआ।
इसके अलावा अदाणी विल्मर (Adani Wilmer) के शेयर 0.29 फीसदी बढ़कर 401.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) का शेयर 0.27 फीसदी की तेजी के साथ 641.00 रुपये पर बंद हुआ।
दूसरी ओर अदाणी ग्रुप के 3 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें एसीसी (ACC) के शेयरों में 0.75 फीसदी की सबसे अधिक गिरावट रही और ये 1,783.20 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) और एनडीटीवी (NDTV) के शेयर क्रमश: 0.04 फीसदी और 0.031 फीसदी गिरकर 419.60 रुपये और 223.95 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की स्थगित
अदाणी ग्रुप के शेयरों में यह तेजी ऐसे दिन आई, जब सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को अदाणी-हिंडनबर्ग विवाद मामले में दायर की कई याचिकाओं पर सुनवाई स्थगित कर दी। साथ ही कोर्ट ने SEBI से अपने उस जवाब को उपलब्ध कराने का कहा, जिसमें उसने सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए एक्सपर्ट पैनल की सिफारिशों पर अपने विचार दिए हैं।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम बेंच ने सेबी से पूछा कि अदाणी मामले में "जांच की क्या स्थिति है?" इस पर सेबी ने कहा कि आरोपों की जांच पूरी करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने उसे मई में 14 अगस्त तक का समय दिया था और मामले में जांच चल रही है।