Trade setup: मार्च एफएंडओ सीरीज के पहले दिन बाजार पिछले दिनों के कंसोलीडेशन के बाद रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। इस तेजी के बाद बुल्स काफी मजबूत स्थिति में दिख रहे हैं। बाजार जानकारों का कहना है कि आने वाले सत्रों में निफ्टी के लिए 22,200 पर और उसके बाद 22,000 पर सपोर्ट देखने को मिलेगा। वहीं, ऊपर की तरफ ये जल्द ही 22,600 का स्तर छूता दिख सकता है। 1 मार्च को बेंचमार्क इंडेक्स नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। तीसरी तिमाही (वित्त वर्ष 2024) के उम्मीद से बेहतर जीडीपी आंकड़ों के बाद बीएसई सेंसेक्स 1,245 अंक या 1.7 फीसदी बढ़कर 73,745.35 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 356 अंक या 1.6 प्रतिशत चढ़कर 22,339 पर पहुंच गया। निफ्टी ने कल डेली टाइम फ्रेम पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया।
