Trade setup: पिछले कारोबारी सत्र के करेक्शन के बाद 4 मई को बाजार में फिर से तेजी आती दिखी। कल के कारोबार में बाजार करीब 1 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। यूएस फेड की तरफ से अपनी दरों में 0.25 फीसदी की बढ़त करने और रेट बढ़ोतरी पर आगे के लिए विराम देने के संकेत के बाद बाजार तेजी में रही। सेंसेक्स 556 अंकों की बढ़त के साथ 61749 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 166 अंकों की बढ़त के साथ 18256 के स्तर पर बंद हुआ। ये पिछले साल 20 दिसंबर के बाद की निफ्टी की हाइएस्ट क्लोजिंग है। निफ्टी ने कल डेली चार्ट पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडलिस्टिक पैटर्न बनाया था। कल की तेजी को बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज, मेटल, टेक और फार्मा शेयरों से सपोर्ट मिला जबकि निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में क्रमशः 0.6 फीसदी और 0.8 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
