बाजार पर फिलहाल मंदडिये मजबूत पकड़ बनाते हुए दिखे हैं। इसकी वजह से बेंचमार्क इंडेक्स 200-डीएमए (डेली मूविंग एवरेज - 17,384) के नीचे बंद हुआ। निफ्टी 28 फरवरी को बजट डे के 17,353 के निचले स्तर के नीचे क्लोज हुआ। ऐसे बाजार में भी कुछ स्टॉक में एक्शन देखने को मिला। इन स्टॉक्स ने ब्रॉडर मार्केट की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। उनमें जेएसडब्ल्यू एनर्जी (JSW Energy) शामिल था। इसका भाव लगभग 13 प्रतिशत बढ़कर 235 रुपये हो गया। जो 9 फरवरी के बाद इसका उच्चतम स्तर है। इसने चार्ट पर लॉन्ग बेयरिश कैंडल बनाया। वहीं इस दौरान जेबीएम ऑटो (JBM Auto) के शेयर एनएसई पर 4 प्रतिशत की तेजी के साथ 574 रुपये पर पहुंच गए। पिछले कुछ सत्रों में कंसोलिडेशन के बाद डेली चार्ट पर औसत से अधिक वॉल्यूम के साथ इसने लॉन्ग बुलिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया। वहीं जेंसार टेक्नोलॉजीज (Zensar Technologies) 4 प्रतिशत चढ़कर 290 रुपये पर पहुंच गया। इसने औसत वॉल्यूम से ऊपर कारोबार करते हुए डेली चार्ट पर बुलिश कैंडल बनाया।
