Trade Spotlight: शुक्रवार 31 मार्च को बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। जिसके चलते सेंसेक्स निफ्टी अपने 3 महीने के हाई पर पहुंचने में कामयाब रहे थे। यही नहीं शुक्रवार यानी पिछले कारोबारी दिन निफ्टी में पिछले नवंबर के बाद किसी एक दिन में आई सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली थी। जिसके चलते निफ्टी अपने दो हफ्तों के कंसोलिडेशन रेंज से बाहर निकलता दिखा था। ग्लोबल बाजारों की तेजी और ब्याज दरों के बढ़त पर जल्द ही लगाम लगने की उम्मीद के चलते बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। इसके चलते पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 1031 अंक यानी 1.78 फीसदी के बढ़त के साथ 58,992 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 279 अंक यानी 1.63 फीसदी बढ़त के साथ 17,360 पर बंद हुआ था। निफ्टी ने डेली टाइम फ्रेम पर हायर टॉप हायर बॉटम फॉर्मेशन बनाते हुए लगातार दूसरे दिन लॉन्ग बुलिश कैंडलिस्टिक बनाया था।
पिछले कारोबारी दिन आईसीआईसी बैंक, ट्रेंट और अल्केम लेबोरेटरीज में जोरदार एक्शन देखने को मिला था। ट्रेंट करीब 3 फीसदी की बढ़त के साथ 1375 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं ICICI बैंक में भी 3 फीसदी की बढ़त देखने को मिली थी। यह स्टॉक 877 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था। जबकि अल्केम लेबोरेटरीज का शेयर भी 3 फीसदी की बढ़त के साथ 3396 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था।
आइये देखते हैं अब इन शेयरों पर क्या है आशिका स्टॉक ब्रोकिंग के विराज व्यास की ट्रेडिंग रणनीति
Trent:यह स्टॉक भारी वॉल्यूम के साथ अपने कंसोलिडेशन के रेंज के बाहर आता दिखा है। शॉर्ट टर्म में यह स्टॉक हमें 1480-1520 रुपए की तरफ जाता दिख सकता है। इस स्टॉक के लिए 1320 पर सपोर्ट दिख रहा है।
ICICI Bank: आईसीआईसीआई बैंक में बुलिश सेटअप कायम है। अगर यह स्टॉक 840-850 रुपये के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है तो फिर शार्ट टर्म में इसमें हमें 940-920 रुपये का स्तर देखने को मिल सकता है।
Alkem Laboratories: यह स्टॉक अपने पिछले 9 महीनों के कंसोलिडेशन जोन से बाहर आता दिखा है। साथ ही इसके वॉल्यूम में भी बढ़त हुई है। अगर यह स्टॉक 3200 रुपये के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है तो शॉर्ट टर्म में हमें 3600-3700 रुपए की तरफ जाता दिख सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।